Bharat Jodo Yatra: पंजाब पहुंची यात्रा, स्वर्ण मंदिर में राहुल गांधी ने टेका मत्था
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब पहुंच गई है। इसी क्रम में राहुल गांधी ने मंगलवार को अमृतसर मंदिर में मत्था टेका।

Bharat Jodo Yatra in Punjab: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त हरियाणा के बाद पंजाब में पहुंच गई है। इसी क्रम में राहुल गांधी ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर में मत्था टेका। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे। स्वर्णमंदिर दर्शन की जानकारी कांग्रेस की तरफ से खुद ट्वीट करके दी गई है। भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में कहा गया है कि सत नाम श्री वाहे गुरु! आज स्वर्ण मंदिर पहुंचे राहुल गांधी। देश में शांति और भाईचारे की स्थापना के लिए लगाई अरदास।
Recommended Video
शाम तक पहुंचेंगे फतेहगढ़ साहिब
राहुल गांधी मंगलवार की शाम तक फतेहगढ़ साहिब पहुंचेंगे। इस बात की जानकारी पार्टी महासचिव और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कुछ घंटे अमृतसर में बिताने के बाद फतेहगढ़ साहिब पहुंचेंगे। वहीं, इसके बाद यात्रा आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा में राज बब्बर भी हुए शामिल
भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार की सुबह अंबाला कैंट से शाहपुर के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्रा से पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राज बब्बर भी जुड़े। वहीं, इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में थी। करनाल में जब यात्रा प्रवेश की थी तो राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी का डॉग लूना भी शामिल हुआ था। इसकी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
आपको बता दें कि भारत जोडो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा अब तक दक्षिणी राज्यों को कवर करते हुए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली होते हुए पंजाब पहुंची है। यात्रा की अगुवाई राहुल गांधी कर रहे हैं। पार्टी का मानना है कि इस यात्रा का फायदा उसे 2024 के लोकसभा चुनावों में मिलेगा। यही वजह है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी हर वर्ग के लोगों से मुलाकात करते हैं और उनकी समस्याओं को सुनते हैं। साथ ही राहुल गांधी की तरफ से मोदी सरकार की गलत नीतियों को लेकर हमला भी किया जाता है।
ये भी पढ़ें- Bharat Jodo Yatra: किसान नेता राकेश टिकैत से मिले राहुल गांधी, इन मुद्दों पर हुई चर्चा












Click it and Unblock the Notifications