UP : अमेठी में मां ने दो बच्चों की गला काटकर की हत्या, फिर फांसी लगाकर दी जान
अमेठी, 20 सितंबर: यूपी के अमेठी में एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों का धारदार हथियार से गला काट दिया। इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह घर का दरवाजा खोला गया तो तीनों के शव देख सनसनी फैल गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

मामला शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा गांव का है। धर्मराज पासी लखनऊ में रहकर मजदूरी करता है। घर पर उसकी मां ननकाव पत्नी शीतला देई के अलावा चार साल की पुत्री निधि व ढाई साल का पुत्र रितेश रहते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो सास ने पड़ोसियों से गुहार लगाई। कई बार आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया।
कमरे में दोनों मासूमों का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। वहीं, शीतला देई का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से झूल रहा था। शिवरतनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। थानाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. इलामारन जी भी मौके पर पहुंचे हैं। एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला ने अपने दोनों बच्चों को मौत के घाट उतारने के बाद स्वयं फांसी लगाकर जान दी है। फिर भी घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications