'अमेठी ने जिसे सिंहासन पर बैठाया, उनके जूते की कीमत गरीबों के महीनेभर खर्च के बराबर'
Amethi news, अमेठी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। स्मृति ईरानी ने कहा, ''जो लोग वातानुकूलित गाड़ियों में घूमते हैं, जिन लोगों के जूते इतने महंगे होते हैं की गरीब के महीने का खर्चा उससे निकल आए, उनको अमेठी ने वोट देकर सत्ता के सिंहासन पर बैठाया और अमेठी का गरीब बिना किसी चप्पल के तपती धूप में वर्षों तक चलता रहा।''

'भाजपा वोट नहीं, वोटर के लिए काम करती है'
स्मृति ईरानी कहा, ''मैं पूछना चाहती हूं, कांग्रेस में क्या संभव है कि एक व्यक्ति गांव से अपनी राजनीति शुरू करे और देश का प्रधानमंत्री बन जाए? ये संभावना भारतीय जनता पार्टी में ही है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी वोटर के लिए काम करती है वोट के लिए नहीं। फिर मंच पर बैठे योगी सरकार के मंत्री मोती सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज मोती सिंह स्वयं एक बहुत बड़ा उदाहरण बनके बैठे हैं।

अमेठी का ये चुनाव किसी संघर्ष से कम नहीं
उन्होंने कहा कि अमेठी का ये लोकसभा चुनाव किसी संघर्ष से कम नहीं। मेठी का ये लोकसभा चुनाव आपके, आपके गांव, आपके बच्चों के भविष्य का चुनाव है। आप सब ये संकल्प लेकर यहां पधारे हैं कि दुर्गत जो अमेठी की होती रही, अब वो विकास में बदलेगी। जब जनता-जनार्दन 6 तारीख को पोलिंग बूथ पर जाएगी, कमल का बटन दबाएगी और मोदी की जीत में एक कमल की फूल अमेठी से भी जाएगी।

स्मृति ने कहा- अमेठी राहुल की पहली च्वाइस नहीं
स्मृति ने कहा कि ये तो बच्चा-बच्चा जानता है कि प्रधानमंत्री कितना काम करते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अगर राहुल जितना ध्यान प्रधानमंत्री पर देते हैं अगर उससे आधा ध्यान अमेठी पर देते तो आज अमेठी का ये हाल नहीं होता। वायनाड से पर्चा भरने पर उन्होंने फिर तंज कसते हुए कहा कि वायनाड से पर्चा भरने के बाद अमेठी को अपनी दूसरी प्रिफरेंस दिखाने वाले राहुल जी जो पधार रहे हैं अमेठी, उनके संदर्भ में इतना ही कहना चाहूंगी कि आपने अमेठी की जनता को संदेश संकेत दे ही दिया की अमेठी आपकी पहली च्वाइस नहीं, क्योंकि पहला पर्चा आपने वायनाड से भरा।












Click it and Unblock the Notifications