बिजली कनेक्शन के लिए मजबूर किसान को देना पड़ा 50 हजार, देखिए अधिकारी का घूस लेते वीडियो
अम्बेडकरनगर। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी में दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों पर विद्युत विभाग डाका डाल रहा है। किसान को ट्यूबेल कनेक्शन देने के लिए विभाग के जेई ने 50 हजार रुपये की घूस ले ली और न तो कनेक्शन दिया और न ही पैसा। कैमरे में कैद जेई की करतूत का वीडियो वायरल होने के बाद अब विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामला विद्युत वितरण केंद्र भीटी से जुड़ा है। उक्त केंद्र पर तैनात जेई ने ग्याद्दीन ने परियाएं गांव निवासी किसान चन्द्रप्रकाश से बिजली कनेक्शन देने के नाम पर घूस के रूप में 50 हजार रुपये वसूल लिये और और पैसे की मांग कर अभी तक कनेक्शन नहीं दिया। उलटे पैसा मांगने पर किसान को धमकी दी। किसान से घूस लेने का वीडियो कैमरे में कैद हो गया है जिसमें आप देख सकते हैं कि किस तरह जेई अपने एक सहयोगी के माध्यम से पैसा गिनकर अपनी जेब में रखकर चल देता है।
सरकार किसानों की आय दोगुना करने का दावा करती है लेकिन उसके अधिकारी ही सरकार की मंशा को तार-तार कर रहे हैं। बिजली कनेक्शन न मिलने के कारण किसान की दस बीघा जमीन पर लगे गन्ने की फसल सूख रही है। किसान की बदहाली का आलम यह है कि वह कर्ज लेकर डीजल खरीद रहा है और गन्ने की सिचाई कर रहा है। यही नहीं अपनी फसल सींचने के लिये कनेक्शन जल्दी मिले, जेई के इसी बहकावे में आकर उसने अपने इलाज के लिए रखे 50 हजार रुपये जेई को घूस दे दिया। अब कनेक्शन भी नहीं मिला, पैसा भी गया और फसल भी सूख रही है। पैसा और कनेक्शन के लिए किसान भटक रहा है और उसकी सुध लेना वाला कोई नहीं है।
पीड़ित किसान चन्द्र प्रकाश सिंह का कहना है कि सीएम योगी और पीएम मोदी भ्रष्टाचार खत्म करने और किसानों के हितों का ख्याल रखने का दावा करते हैं लेकिन हम किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। घूसखोरी का वीडियो सामने आने के बाद अब विभाग के अधीक्षण अभियंता एके दोहरे जेई पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications