राजस्थान के अलवर में रानीखेत एक्सप्रेस से कटे दो सगे भाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की करते थे तैयारी
अलवर, 8 जनवरी। राजस्थान के अलवर जिले के रूपबास में दर्दनाक हादसा हुआ है। दो सगे भाइयों की ट्रेन से कटने के कारण मौत हो गई। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे। अलवर में कोचिंग करते थे।

दो साल से कर रहे थे तैयारी
पुलिस के अनुसार अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के गांव सकट निवासी रामकिशोर मीणा ने बताया कि उसका 21 वर्षीय बेटा लोकेश व 19 वर्षीय राहुल रिश्तेदार के मकान में रहकर दो साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे थे।

खेतों की तरफ शौच के लिए गए थे
लॉकडाउन लगा तब गांव आ गए थे। अब एक महीने पहले ही गांव से वापस अलवर आए थे। लोकेश ने बीए कर रखी है। वहीं, राहुल सेकेंड ईयर में पढ़ रहा था। लोकेश व राहुल शनिवार सुबह शौच करने के लिए रूपबास के खाली खेतों की तरफ गए थे।

रानीखेत एक्सप्रेस से कटे
थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि दोनों भाई दिल्ली से जयपुर जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन से कट गए। सूचना पाकर पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके दो ही बेटे थे। दोनों अविवाहित बेटों की मौत हो गई। दो बहन हैं। एक बहन शादीशुदा है।












Click it and Unblock the Notifications