Rajasthan Accident : पिकअप में बैठाई 27 सवारी, थोड़ी दूर चलने के बाद हो गई 4 लोगों की मौत
Alwar News, अलवर। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और दो दर्जन लोग घायल हो गए। इससे पहले गुरुवार को सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई थी। यह हादसा जयपुर जिले के कोटपुतली (kotputli Accident) इलाके में हुआ है।

जानकारी के अनुसार यह परिवार शोक सभा से लौट रहा था। एक ही पिकअप में 27 लोग होने के कारण कुछ दूर तक चलने के बाद ओवरलोड पिकअप संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गई। पिकअप में सवार होकर यह लोग कोटपुतली के भिटदौड़ा गांव से लौट रहे थे, तभी अचानक मोलाहेड़ा गांव के पास पिकअप असंतुलित होकर पलट गई। सभी घायल और मृतक अलवर के बानसूर के एक ही परिवार के व रिश्तेदार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप ओवरलोड थी व पिकअप की गति भी तेज थी, अचानक पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप पलट गई, जिससे सभी सवारियां इसके नीचे दब गई। इसके बाद दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से अलग-अलग वाहनों से घायलों को कोटपुतली भर्ती कराया। जैसे ही घायल अस्पताल पहुंचे, वहां मौजूद चिकित्सकों के हाथ-पैर फूल गए। अस्पताल में भर्ती तीन गंभीर घायलों को जयपुर रैफर किया जा रहा है।

इधर, पति-पत्नी, बेटा, साली समेत 5 की मौत
जानकारी के अनुसार जयपुर-दिल्ली हाईवे पर नीमराना इलाके में ओवरब्रिज से उतरते ही शाहजहाँपुर में पीएनबी के सामने कार अनियंत्रित होकर खड़े डम्पर में जा घुसी। कार में सवार लोग प्रागपुरा से गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन को गंभीर हालत में नीमराना रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
प्रागपुरा निवासी धर्मपाल पुत्र रामनिवास सैनी ( 25) अपने चचेरे भाई रतन पुत्र घनश्याम सैनी ( 23), पत्नी मनु सैनी (23), पुत्र हिमांशु सैनी ( 4 माह) एवं पावटा निवासी साली सीमा पुत्री रामजीलाल सैनी ( 15) को साथ लेकर अपनी कार से गुरुग्राम जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications