BJP हुंकार रैली अलवर : CM आवास से फतवे जारी कर समुदाय विशेष द्वारा यात्रा पर रोक लगाई जाती है-MP योगी बालकनाथ
अलवर, 5 मई। राजस्थान भाजपा ने गुरुवार को अलवर शहर में स्थित कंपनी बाग में हुंकार रैली आयोजित की। यूं तो भाजपा ने जन हुंकार रैली के जरिए करौली में हुई हिंसा, अलवर जिले के राजगढ़ में मंदिर तोड़े जाने, जोधपुर में हिंसा, अलवर में मूक-बधिर बालिका प्रकरण में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को घेरने की कोशिश की, मगर इस रैली से राजस्थान भाजपा में अंदरखाने चल रही गुटबाजी की भी झलक दिखी।

इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि राजस्थान भाजपा की अलवर में आयोजित हुंकार रैली से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया दूर रहीं। रैली के पोस्टर से भी उनका चेहरा गायब था। रैली में भाजपा के कई दिग्गत नेताओं ने शिरकत की और मंच पर लगे पोस्टर में पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया की तस्वीर लगी थी।
रैली में अलवर सांसद योगी बालकनाथ ने कहा कि सीएम आवास से फतवे जारी किए जाते हैं, जिसमें एक विशेष समुदाय द्वारा यात्रा पर रोक लगाई जाती है। दूसरी तरफ इफ्तार पार्टियों का आयोजन किया जाता है। इफ्तार पार्टियों की मेजबानी पर जनता का कितना पैसा खर्च होता है? इस पर विधानसभा में सवाल उठाया जाना चाहिए। ऐसी इफ्तार पार्टियों में दंगा आरोपियों को बुलाया जाता है।
अलवर सांसद ने यह भी कहा कि राजस्थान 'अतिथि देवो भव' और इसकी संस्कृति के लिए जाना जाता था। लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने कार्यों से राज्य को शर्मसार किया है और राज्य की संस्कृति का अपमान किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में हमें राजस्थान से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
अलवर में भाजपा की हुंकार रैली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल, भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भाारद्वाज के साथ अलवर शहर के विधायक संजय शर्मा, विधायक मंजीत चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications