माफिया अतीक अहमद और उसके रिश्तेदार की दो इमारतों पर चला योगी सरकार का बुलडोजर
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर और माफियाओं के काले कारोबार को धराशायी करने के अभियान में योगी सरकार लगी है। माफिया मुख्तार अंसारी और उसके करीबियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती, अवैध बूचड़खानों व मकानों को धराशायी करने के साथ-साथ जेल में बंद डॉन अतीक अहमद और उसके करीबियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अतीक अहमद और उसके रिश्तेदार की करोड़ों की दो इमारतों को बुलडोजर से गिरा दिया।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने शहर के सिविल लाइंस में नवाब युसूफ रोड पर अतीक अहमद की एक बिल्डिंग पर बुलडोजर चलाया है। वहीं अतीक अहमद के साढू 25 हजार के इनामी इमरान की तीन मंजिला इमारत को भी ढहा दिया है। अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर बनाई गई बिल्डिंग को ध्वस्त करने के बाद प्रशासन ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की। इमारतों को गिराने के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात की गई। हाईकोर्ट के पास बनी अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करते समय कुछ समर्थकों ने विरोध किया लेकिन फोर्स ने उनको रोक दिया।

इससे पहले अगस्त के आखिरी सप्ताह में अतीक अहमद की करोड़ों की सात संपत्तियों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई प्रशासन ने की थी। महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित 20 करोड़ के आलीशान मकान समेत छह अन्य मकानों को प्रशासन ने सील कर दिया था। एसएसपी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने अतीक अहमद की संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया था। पुलिस अतीक अहमद की अन्य अवैध संपत्तियों का पता लगा रही है और उसे जब्त कर माफिया के आर्थिक साम्राज्य का अंत करने का अभियान छेड़े हुई है।

योगी सरकार माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध धंधों और संपत्तियों को भी ध्वस्त करने में लगी हुई है। हाल में मऊ में मुख्तार अंसारी के करीबी के बूचड़खाने को प्रशासन ने जेसीबी से गिरा दिया था। उससे पहले लखनऊ में मुख्तार की दो इमारतों को भी ध्वस्त कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications