प्रयागराज स्टेशन पर अभ्यर्थियों ने गंगा गोमती ट्रेन में की तोड़फोड़, काटा हंगामा
Allahabad News, इलाहाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट की परीक्षा देने लखनऊ जा रहे अभ्यर्थियों ने रविवार की सुबह प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा और तोड़फोड़ की। ट्रेन में सीट न मिलने से नाराज अभ्यर्थी ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए और नारेबाजी के साथ तोड़फोड़ शुरू कर दी। खबर रेलवे कंट्रोल रूम को मिली तो आनन-फानन में पुलिस के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे गए।

अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन हजारों की संख्या में मौजूद छात्र हंगामा करते रहे। जिससे पूरे स्टेशन परिसर में भगदड़ की स्थिति बनी रही। आलम यह रहा कि पटरियों पर छात्रों ने कब्जा कर लिया और ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए। लगभग डेढ़ घंटे तक आक्रोशित छात्रों ने ट्रेन को रेलवे स्टेशन पर ही रोके रखा। बाद में किसी तरह अभ्यर्थियों को समझा बुझाकर ट्रेन रवाना किया गया।
क्या है मामला
इलाहाबाद हाईकोर्ट की विभिन्न श्रेणी की भर्ती के लिए रविवार को प्रदेश के विभिन्न शहरों में परीक्षा आयोजित की गई थी। लखनऊ में बने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए रविवार की सुबह प्रयागराज जंक्शन पर भारी संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी थी। चूंकि इलाहाबाद जंक्शन से लखनऊ के लिए दो विशेष ट्रेनें जाती सुबह जाती हैं, जिसमें पहले से ही सीटें फुल हो जाती है। ऐसे में एकाएक हजारों अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने से ट्रेन में भीड़ अधिक हो गई। इस दौरान जब अभ्यर्थियों ने ट्रेन में बैठने की जगह नहीं पाई तो वह हंगामा करने लगे और भीड़ बढ़ने के साथ ही उपद्रव शुरू हो गया।












Click it and Unblock the Notifications