मां से पैसे देने से किया इनकार, तो बेटे ने फावड़े से हमला कर उतारा मौत के घाट
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को फावड़े से काट कर मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी बेटे को एक पेड़ में रस्सी से बांध दिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर थाने ले गई। घटना से लोग स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

पैसे न मिलने से था नाराज
प्रयागराज जिले के यमुनापार इलाके में मिश्रा बांध गांव पड़ता है। यह गांव कौंधियारा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत है। शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े 6 बजे दलित बस्ती में एक युवक अपनी मां से पैसों को लेकर लड़ रहा था। परिजनों के अनुसार युवक अपनी मां से पैसे मांग रहा था, लेकिन मां ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। बेटा मां पर आरोप लगाता रहा कि वह बेटियों को तो पैसा देती है, लेकिन उसे नहीं देती। इसी बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हो रही थी।

फावड़े से वार कर मां को मार डाला
मां ने कहा, 'तू कमाता है और कमाकर पैसे लुटा, मुझे तुम्हारे पैसे नहीं चाहिए।' नोकझोंक के बाद युवक आपे से बाहर हो गया और मां पर लात घूंसे बरसाने लगा। युवक की बहन ने इसका विरोध किया तो वह उसे पीटने लगा और घर में रखा फावड़ा लेकर आ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता युवक ने ताबड़तोड फावड़े से वार किए और अपनी मां को ही मार डाला।

ग्रामीणों ने पेड़ से बांधा
परिजनों ने बताया कि युवक खाना बनाने का काम करता है और हलवाई के साथ रहता है। उसकी आमदनी भी ठीक ठाक थी, लेकिन गलत लत के कारण आये दिन मां से पैसों को लेकर वह लड़ता था। शुक्रवार को भी वह पैसे मांग रहा था और पैसे न देने पर उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांध दिया और पुलिस के आने के बाद उसे थाने ले जाया गया। कुछ लोगों का कहना था कि बेटा दिमागी रूप से कमजोर है। हालांकि परिजनों ने इससे साफ इन्कार करते हुये कहा कि वह कामकाजी था, बस गलत संगत में होने के कारण पैसों के लिये लड़ता था।












Click it and Unblock the Notifications