मूक-बधिर नसीमा बेगम कोरोना महामारी में बनी जरूरतमंदों की मददगार, प्रियंका गांधी ने जज्बे को किया सलाम
प्रयागराज। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर देश में लॉकडाउन घोषित है। ऐसे में कई लोग एक दूसरे की मदद कर रहे हैं। कोई जरूरतमंदों को खाना उपलब्ध करा रहा है, तो कोई राशन। ऐसे में एक मूक-बधिर महिला नसीमा बेगम कोरोना की इस जंग में सबसे आगे खड़ी दिखाई दे रही हैं। बोलने और सुनने में पूरी तरह से अक्षम नसीमा लॉकडाउन में गरीब और जरुरतमंदों की मदद के लिए आगे आई। मूक-बधिर महिला के जज्बे की खबर जब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को लगी तो वह भी उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सकीं।

नसीमा बेगम अपने पति इरशाद उल्ला के साथ खाने-पीने का सामान लेकर हर रोज घर से निकल जाती हैं और जो भी गरीब और जरुरतमंद रास्ते में उन्हें मिलते हैं, वे उनकी मदद करती हैं। नसीमा हर दिन अपने साथ बिस्कुट, ब्रेड, पानी की बोतल, राशन आदि लेकर निकलती हैं। इस दौरान वो जरूरत मंद लोगों को सामाम उपलब्ध करा रही है। बता दें, नसीमा अपने अनूठे काम और मकसद की वजह से सोशल मीडिया की सुर्खियां बनी हुई हैं। हां इस दौरान वे पूरी तरह से लॉकडाउन का भी पालन करना भी नहीं भूलती।
30 साल की नसीमा बेगम प्रयागराज के बहादुरगंज मोहल्ले की रहने वाली हैं। वह जन्म से ही दिव्यांगता की शिकार हैं। वो न तो बोल सकती हैं और न ही सुन सकती हैं। उनके कान काम नहीं करते, लेकिन लॉकडाउन की बंदिशों में वह लोगों के दर्द को महसूस कर रही हैं। वह रोजाना दो शिफ्ट में पति इरशाद उल्ला के साथ निकलकर पड़ोस के ज़रूरतमंदों के बीच जाती हैं। किसी को खाना पहुंचाती हैं, तो किसी को राशन। घर के करीब ड्यूटी करने वाले कोरोना सेनानियों को चाय देती हैं, तो शाम के वक्त बिस्किट बांटती हैं। उनकी समाज सेवा और लोगों के लिए किए जा रहे सराहनीय कार्य को देखते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उन्हें चिट्ठी भेजी है।
प्रियंका गांधी ने नसीमा बेगम के जज्बे को किया सलाम
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चिट्ठी भेजकर उनके जज्बे की तारीफ की। प्रियंका ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि शारीरिक अपंगता भी इंसानियत की सेवा की जज्बे में बाधा नहीं डाल सकती। आपके इस सेवा भाव से करोड़ों लोगों को प्रेरणा मिलेगी। हमें आप पर नाज़ है। आपके इस जज़्बे को सलाम। प्रियंका गांधी की ओर से भेजे पत्र से नसीमा बेगम भी खासी उत्साहित हैं।












Click it and Unblock the Notifications