'पीपल के नीचे बैठो, ऑक्सीजन बढ़ जाएगी', यूपी पुलिस का मरीजों के परिजनों को जवाब
प्रयागराज, अप्रैल 30: उत्तर प्रदेश सरकार लगातार दावा कर रही है कि प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। अलग-अलग शहरों से ऑक्सीजन की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच प्रयागराज से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोविड पॉजिटिव अपनी मां के लिए ऑक्सीजन के लिए परेशान एक शख्स ने बताया, 'एक पुलिसवाले ने मुझसे कहा, अपनी मां को पीपल के पेड़ के नीचे बैठाओ। एक अन्य मरीज ने कहा कि पुलिस यहां सभी से कह रही है, 'पीपल के नीचे बैठो, ऑक्सीजन बढ़ जाएगी।'

पूरे प्रदेश में ऑक्सीजन की किल्लत
कोरोना वायरस का कहर झेल रहे उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की भारी किल्लत है। अपने मरीजों को प्राणवायु देने के लिए परिजन रो रहे हैं, बिलख रहे हैं, लेकिन कहीं भी उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है। एक मरीज के रिश्तेदार ने रोते हुए बताया कि लोगों को अस्पतालों में भीड़ के बजाय घर पर रहकर देखभाल करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन उन्हें घर पर भी ऑक्सीजन की जरूरत है और किसी को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है।
बीजेपी विधायक के ऑक्सीजन प्लांट के बाहर इकट्ठा हुए थे मरीजों के रिश्तेदार
दरअसल, बीजेपी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के ऑक्सीजन प्लांट के बाहर मरीजों के रिश्तेदार इकट्ठा हुए थे। एक मरीज के रिश्तेदार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोगों को अस्पतालों की भीड़ कम करने के लिए वहां आने के बजाय घर की देखभाल में रहने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन उन्हें घर पर भी ऑक्सीजन की जरूरत है।बता दें, यूपी में शुक्रवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना के 34,626 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान करीब 32,494 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। वहीं एक दिन में 2.44 लाख कोरोना टेस्ट भी किए गए हैं, इनमें से 1.8 लाख आरटीपीसीआर टेस्ट हैं। गुरुवार को एक दिन में 35,156 नए मामले सामने आए थे। वहीं 258 लोगों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications