'पैसे देकर नौकरी लगवाई, फिर वह बदल गई...', रुला देगा प्यार में धोखा खाए डॉक्टर का सुसाइड नोट
कहते हैं 'धोखा देने वाला अक्सर कोई अपना ही होता है', फिर चाहें वो SDM ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या का मामला हो या प्रयागराज से सामने आया MBBS डॉक्टर की दुखद आत्महत्या का मामला हो। दोनों मामलों में फर्क बस इतना सा है कि एक जोड़ा शादीशुदा था और दूसरे की शादी होने वाली थी। इस मामले में भी होने वाले पति ने 9 लाख खर्च कर के होने वाली पत्नी की नौकरी लगवाई, लेकिन उसने धोखा दे दिया। जिससे परेशान होकर डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली।
सगाई से दो दिन पहले किया सुसाइड
आपको बता दें कि गंगानगर के मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिमी ताल गांव के रहने वाले सुभाष चंद्र यादव (30) एक MMBS डॉक्टर थे। उन्होंने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह बरेली AIIMS में प्रैक्टिस कर रहे थे। 8 जुलाई को उनकी इंगेजमेंट होने वाली थी। लेकिन इससे पहले 6 जुलाई को सुभाष ने अल्लापुर के जार्जटाउन में बजरंग चौराहा पर रहने वाले अपने दोस्त जितेंद्र गुप्ता के कमरे पर फांसी लगाकर जान दे दी।

पुलिस को मिला मृतक सुभाष का सुसाइड नोट
दोस्त के घर लौटने पर उसने जब पंखे पर डॉक्टर सुभाष को लटका देखा तो वह घबरा गया। उसने फ़ौरन ही घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमे सुभाष ने आत्महत्या की वजह और कुछ ऐसा लिखा था जिसे पढ़ के पुलिस भी हैरान रह गई।
मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर है आरोपी प्रेमिका
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में सुभाष ने अपनी मौत के लिए दो लोगों को जिम्मेदार बताया है, भीरपुर करछन की रहने वाली सुभाष की प्रेमिका चंद्रप्रभा यादव और दूसरा उसका भाई शिवराज सिंह। इसमें चंद्रप्रभा वर्तमान में प्रयागराज के स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर है। सुभाष के मुताबिक, ये दोनों उसे कई महीने से परेशान कर रहे थे और उसे मारना चाहते थे।
वहीं सुसाइड नोट में यह भी लिखा था कि ''मैंने उसे बेइंतहा प्यार किया, 9 लाख रुपए देकर नौकरी लगवाई, दोस्तों का कर्जदार हो गया। इसके बाद लड़की बदल गई। उसके भाई और मां-बाप प्रताड़ित करने लगे। हम बेवकूफ थे, समझ नहीं पाए। मेरी मौत और मेरे परिवार की बर्बादी के जिम्मेदार यही लोग हैं। इसकी सजा भगवान इनको जरूर देंगे। कभी माफ नहीं करेंगे।''
9 लाख रुपए देकर सुभाष ने ही लगवाई थी नौकरी
डॉ. सुभाष ने सुसाइड नोट में लिखा है, ''आज से कई साल पहले चंद्रप्रभा ने हमें अपने प्यार के जाल मे फंसाया और हम फंस गए। इसके बाद उसके घरवालों ने मिलकर हमें लूटना शुरू किया। वे लोग मेरे ऊपर कोर्ट मैरिज का दबाव बना रहे थे। लेकिन हम नहीं माने। इस बात को धीरे-धीरे समय बीतता गया। इन लोगों का दबाव बढ़ने पर हमने 9 लाख रुपए देकर चंद्रप्रभा की नौकरी लगवाई। ये पैसे कुछ अपने पास से लगाया और कुछ दोस्तों से लिए।
''बलात्कार के केस में फंसाने की देते थे धमकी
डॉ. सुभाष के मुताबिक, ''इनके मां बाप बोले- धीरे-धीरे पैसा वापस कर देंगे। लेकिन, नौकरी लगने के बाद ये तो बदल गए। ये लड़की न तो खुद शादी कर रही है, न मेरी होने दे रही है। इसका भाई आए दिन मुझे धमकी देता रहता है। बोलता है कि तुम्हें बलात्कार के केस में फंसाकर जेल भेज देंगे। जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। हर महीने हजारों रुपए ले लेते हैं। हम इनसे परेशान हो गए हैं। इन दोनों को पैसे न देने पर मेरे गांव के लोगों को, रिश्तेदारों, दोस्तों को कॉल कर मुझे बदनाम करते हैं। इतना परेशान कर रखा है कि मुझे समझ में नहीं आता मैं क्या करूं।''
'न जीने देंगे और न मरने देंगे'
डॉ. सुभाष के मुताबिक, ''मेरी शादी की बात जब कहीं चलती है, तब इन लोगों को पता नहीं कैसे पता चल जाता है और शादी तुड़वा देते हैं। बोलते हैं कि न तो तुम्हें जीने देंगे और न मरने देंगे। जिंदगी भर ऐसे ही तड़पाते रहेंगे। मेरी गलती बस इतनी है कि मैं इसके प्यार के जाल में फंस गया। इनकी हर तरह से मदद भी की।''

'मुझे पता है मेरा पूरा परिवार बर्बाद हो जाएगा'
''परेशान होकर मैं खुद आज अपने आपको खत्म कर दे रहा हूं। मेरी मौत होते ही मुझे पता है मेरा पूरा परिवार बर्बाद हो जाएगा। लेकिन, मेरे पास और कोई दूसरा रास्ता नहीं है। मेरी मौत और मेरे परिवार की बर्बादी के जिम्मेदार यही दोनों हैं। इसकी सजा भगवान इनको जरूर देंगे। कभी माफ नहीं करेंगे।''
डॉ. सुभाष चंद्र यादव के पिता ने रिपोर्ट में लिखवाया है कि 'उनकी बेटे की मौत के जिम्मेदार चंद्रप्रभा यादव और शिवराज सिंह यादव और उनका परिवार है। लड़के की सारी कमाई इन लोगों ने मिलकर चूस ली। उसको आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया।' वहीं एसओ जार्जटाउन का कहना है कि इस मामले की जांच चल रही है। सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों से जल्द पूछताछ होगी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications