राजीव गांधी खेल रत्न का नाम पिता के नाम पर रखने पर बेटे अशोक ध्यानचंद ने PM को दिया धन्यवाद, कही ये बात
प्रयागराज, 06 अगस्त: हॉकी के 'जादूगर' कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के बेटे और पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद ने खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद खेल पुरस्कार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्रालय का धन्यवाद दिया है। बता दें, केंद्र की मोदी सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदल दिया है। सरकार ने इसे हॉकी के 'जादूगर' कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

Recommended Video
पीएम मोदी और खेल मंत्रालय का शुक्रगुजार हूं: अशोक ध्यानचंद
अशोक ध्यानचंद ने कहा, 'यह एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके लिए मैं पीएम मोदी और खेल मंत्रालय का शुक्रगुजार हूं। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में हम भारतीय खेलों में जो बदलाव देखेंगे वह दुनिया भर में होगा।'' बता दें, केंद्र सरकार ने शुक्रवार को खेल से जुड़ा एक बड़ा फैसला लेते हुए राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड कर दिया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस फैसला का ऐलान करते हुए कहा कि ये अवॉर्ड हमारे देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करेगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा, ''देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है।'' बता दें, खेल रत्न पुरस्कार विजेता को सरकार की ओर से पदक, प्रशस्ति पत्र और 25 लाख रुपए की राशि इनाम के तौर पर मिलती है। अब तक कुल 45 खिलाड़ियों को इस पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications