सीएम योगी की फ्लीट के बीच में घुसी BJP विधायक की गाड़ी, कटा चालान
प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उनकी फ्लीट के बीच में अचानक एक गाड़ी आ गई, जिससे सीएम की सुरक्षा में लगे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ये गाड़ी बीजेपी के विधायक की थी। इस मामले में सीएम की सुरक्षा के लिए गंभीर मानते हुए विधायक की गाड़ी को तत्काल रोका गया और गाड़ी का चालान भी कर दिया गया।

कौशांबी के विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी का कटा चालान
कोरोना के बढ़ते मामलों की समीक्षा के लिए सीएम योगी शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे। सीएम के स्वागत के लिए भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ कौशांबी के विधायक संजय गुप्ता भी पहुंचे थे। सीएम योगी आदित्यनाथ का काफिला आगे बढ़ा तो विधायक की गाड़ी भी काफिले के साथ चल दी, लेकिन कुछ समय बाद ही विधायक की गाड़ी अचानक सीएम योगी की फ्लीट के बीच में आ गई। फ्लीट में शामिल सीएम के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल इसका संज्ञान लिया। विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी को रोका गया और उसका चालान भी काट दिया गया।
प्रयागराज के बाद वाराणसी जाएंगे सीएम योगी
बता दें, सीएम योगी ने प्रयागराज के आई ट्रिपल सी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद एसआरएन अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएम के साथ बैठक में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे। सीएम योगी कोरोना और वैक्सीनेशन प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा कर रहे हैं। प्रयागराज के बाद सीएम वाराणसी जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री को चार-चार जिलों के दौरे करने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications