कांग्रेसियों पर कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस के सामने रोए भाजपा प्रत्याशी
पुलिस ने किसी तरह से दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी नागेश अधिकारियों के सामने रोने लगे और अपना फटा कुर्ता दिखाते हुए हमले की कहानी पुलिस को सुनाई।
Allahabad
oi-Rizwan
By Rizwan
इलाहाबाद। इलाहाबाद मण्डल के प्रतापगढ रामपुर खास सीट पर चुनावी सियासत अब उग्र होती जा रही है। बुधवार को भाजपा प्रत्याशी नागेश सिंह उर्फ छोटे सरकार के रोड शो के दौरान जमकर बवाल हुआ। कांग्रेसियों और नागेश समर्थकों के बीच मारपीट हुई। भाजपा प्रत्याशी के कपड़े आदि भी फाड़ दिये गये। अचानक राजनैतिक सरगर्मी बवाल में बदल गई और भाजपाई नारेबाज़ी करते हुये सड़क पर ही प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। किसी तरह से लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने का प्रयास जारी रहा। भाजपा प्रत्याशी नागेश ने रो रोकर अपनी व्यथा व हमले की कहानी अधिकारियों को सुनाई।
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रमोद तिवारी, मोना व अंबिका पर आरोप
भाजपा प्रत्याशी को पीटने के मामले में कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी उनकी बेटी मोना व अंबिका पर साजिश कर हमला करने का आरोप है। नागेश ने पुलिस पर भी मिली-भगत का आरोप लगाया है । शिकायत के बाद कार्रवाई न करने, सुरक्षा की मांग पर भी सुरक्षा न देने व स्थानीय थानेदारों द्वारा उत्पीड़न का आरोप भी लगाया है।
वीडियो में दिख रहा नागेश का दर्द
भाजपा प्रत्याशी नागेश ने वीडियो में पुलिस अधिकारी के सामने अपना बयान दिया साथ ही पिछले चुनाव में भी हमला होने पर शांत पुलिस पर सवाल किये। नागेश के साथ उसके समर्थक भी वीडियो में बिलखते नजर आये और सुरक्षा व कार्यवाही की मांग करते रहे। ढाई मिनट के इस वीडियो में भाजपा प्रत्याशी व समर्थकों ने कहा कि रामपुरखास में कांग्रेस के अलावा दूसरे दल का चुनाव लड़ना ही नामुमकिन है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है।