फूलपुर में BSP नेता ने सपा प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज कराया केस, आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का मामला
उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव का ऐलान हो जाने के बाद सभी राजनीतिक दल के प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं और अपने-अपने स्तर से प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। किसी बीच प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट के सपा प्रत्याशी के ऊपर बसपा नेता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
बसपा नेता और फूलपुर विधानसभा के अध्यक्ष राजकुमार गौतम द्वारा आरोप लगाया गया कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी द्वारा प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। ऐसे में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

वहीं सपा प्रत्याशी द्वारा दिए गए बयान पर जब राजनीति गरमाई तो सपा प्रत्याशी ने इस मामले में माफी भी मांग ली है। उन्होंने बताया कि इसके पहले वह बहुजन समाज पार्टी से ही जुड़े थे। ऐसे में उन्होंने ध्यान नहीं दिया और गलती से बयान दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके द्वारा जानबूझकर किसी को अपमानित करने की नीयत से ऐसा नहीं किया गया।
अब आईए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
दरअसल, समाजवादी पार्टी के फूलपुर विधानसभा के प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी बीते दिनों फूलपुर विधानसभा के सराय इनायत इलाके में चुनाव प्रचार करने के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत की।
मीडिया कर्मियों द्वारा बातचीत के दौरान उन्होंने सवाल का जवाब देते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर दिया था। इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद बहुजन समाज पार्टी के नेताओं द्वारा आपत्ति जताई गई।
इसी मामले को लेकर राजकुमार गौतम द्वारा सराय इनायत थाने में सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी के खिलाफ तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एससी-एसटी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications