प्रयागराज स्पेशल कोर्ट में पेश हुये आजम, जमानत के बाद सवर्ण आरक्षण पर कसे तंज
प्रयागराज। आचार संहिता उल्लंघन व घेराव आदि के मामले में दर्ज मुकदमे की सुनवाई पर सांसद विधायक स्पेशल कोर्ट में हाजिर होने के लिए सपा के कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री आजम खान प्रयागराज पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जमानत दे दी गई। हालांकि 2 अन्य मामलो की सुनवाई अब 21 जनवरी को होगी, जिसमे आजम खान को स्पेशल कोर्ट में फिर से हाजिर होना होगा।

वहीं, न्यायालय की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आजम खान ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की और आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि देश में मुस्लिमों की स्थिति दलितों से भी दयनीय है। आरक्षण की सर्वाधिक जरूरत मुस्लिमों को है, वह हर तरह से कमजोर है। अगर आरक्षण देना हो तो मुस्लिमों को दिया जाना चाहिए। अपने पिछले बयान को दोहराते हुए आजम खान ने सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुये कहा कि मुस्लिमों को 10 में कम से कम 5 फीसदी आरक्षण दिया जाय।
कुंभ के नाम पर लूट
बीते समय मे कुंभ मेले की व्यवस्था को देख चुके पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खान ने मौजूदा कुंभ मेला को लेकर सरकार पर सीधा कटाक्ष किया है और कहा कि कुंभ में बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा है कुंभ के लिए आवंटित धन में लूट मची हुई है। यह सारा खेल बाद में सामने आयेगा। आजम ने राम मंदिर, गंगा पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है। अगर भाजपा की नीयत साफ होती तो अब तक मंदिर बन गया होता और गंगा भी प्रदूषण मुक्त होती।












Click it and Unblock the Notifications