महंत नरेंद्र गिरि की कार का एक्सीडेंट, सीएम योगी से मिलने आ रहे थे लखनऊ
प्रयागराज, 08 जुलाई: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की कार का एक्सीडेंट हो गया है। हादसे में नरेंद्र गिरि को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि हादसा सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे पर हुआ है। नरेंद्र गिरि के साथ कार में अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरी भी थे। दोनों फिलहाल सुरक्षित हैं। दोनों दूसरे वाहन से लखनऊ रवाना हो गए हैं।

सीएम योगी से मिलने आ रहे थे लखनऊ नरेंद्र गिरि
महंत नरेंद्र गिरि गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे पर सामने से आ रहे वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इस हादसे के बाद अखाड़ा परिषद के दोनों पदाधिकारी दूसरी कार से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं नरेंद्र गिरि
बता दें, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा दिए गए बयान 'सभी भारतीयों का डीएनए एक है' का भी समर्थन किया था। महंत नरेंद्र गिरि ने बयान जारी करके कहा था कि यह सत्य है कि भारत में रहने वाले हिंदुओं के साथ सभी धर्म के लोगों का डीएनए एक है। लालच और दबाव में आकर काफी लोगों ने अपना मतांतरण करवाया था, आज वही अलग-अलग धर्मों को मान रहे हैं, लेकिन सदियों पहले उनके पूर्वज हिंदू ही थे।












Click it and Unblock the Notifications