AMU में हिन्दू युवक को बंधक बनाकर बेल्टों से पीटा, हाथ-पैर जोड़ गिड़गिड़ाने का Video हुआ Viral
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में हिंदू युवक के साथ बंधक बनाकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि हॉस्टल में एक छात्र युवक को बेल्ट और लात-घूसों से पीट रहा है। युवक हाथ पैर भी जोड़ रहा है लेकिन युवक नहीं मान रहा है। आरोपी मारपीट के दौरान युवक की जूते पर नाक भी रगड़वा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना 23 जून की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
शराब पीने-पिलाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम आकाश है। आकाश प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। उधर आरोपी छात्र का नाम जैद मोहम्मदी है। वीडियो में AMU का छात्र नेता फरहान जुबेरी भी बैठा नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि महेशपुर गांव के पास आकाश के दोस्त का एक होटल है। मारपीट करने वाले छात्र इस होटल पर अक्सर शराब पीने के लिए आते थे।

हॉस्टल में ले जाकर पीटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने छात्रों को शराब पीने से रोका था। जिससे आरोपी छात्र काफी ज्यादा भड़क गए और उससे रंजिश मानने लगे। वहीं आरोपी छात्रों ने रंजिश के चलते उसे 23 जून को किसी बहाने बुलाया और हॉस्टल में ले जाकर पीटा। बताया जाता है कि उस वक्त मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के साथ-साथ पीड़ित का भी 151 में चालान कर दिया। बाद में आकाश को छोड़ दिया गया था। वहीं घटना के बाद से आकाश शहर से गायब है और उसका फोन भी बंद आ रहा है।

हिंदूवादी संगठनों ने किया विरोध
उधर, जैसे ही इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो कई हिंदूवादी संगठन भी सड़क पर आ गए। जानकारी अनुसार घटना के बाद हिंदूवादी छात्र नेता आरोपी छात्र को गिरफ्तार कराने के लिए बाबे सय्यद गेट के लिए कूच कर रहे थे कि तभी पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते दोनों तरफ से हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी होने लगी।

भारी पुलिस बल तैनात
जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिंदूवादी छात्र नेताओं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों को समझाने का काम किया। घटना के बाद स्थिति को देखते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सर्किल पर बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, सीओ थर्ड अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो पुलिस को मिला है। इसमें एक महीने पहले विवाद हुआ था। पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर, पीड़ित तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

करणी सेना ने दी चेतावनी
वहीं करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि हिंदू युवक के साथ AMU के छात्र युवक मारपीट कर रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है। अगर पुलिस ने जल्दी कार्रवाई नहीं की, तो करणी सेना खुद कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी। आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उधर, AMU के प्रॉक्टर प्रो. वसील अली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसमें यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि यह किस जगह का वीडियो है। जांच के आधार पर यूनिवर्सिटी के नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications