अलीगढ़: संदीप गुप्ता हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा, छोटी सी वजह बनी मौत की वजह
अलीगढ़, 29 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दो दिन पहले व्यापारी संदीप गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड के खुलासे का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि संदीप गुप्ता के हत्या की साजिश उनके दोस्त के दामाद अंकुश अग्रवाल ने रची थी। पुलिस के मुताबिक, संदीप के दोस्त का दामाद अपनी पत्नी को टॉर्चर करता था। ये बात दोस्त ने संदीप को बताई, जिस पर संदीप ने दोस्त के दामाद को डांट दिया था। इसी बात से खुन्नस खाकर दोस्त के दामाद ने संदीप के हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।

अलीगढ़ में हुई थी संदीप गुप्ता की हत्या
सीमेंट कारोबारी संदीप गुप्ता एटा के रहने वाले थे। बीते सोमवार को अलीगढ़ के रामघाट रोड स्थित गांधीआई तिराहा मोड़ पर उनकी हत्या कर दी गई थी। वह कार में सवार थे। तभी कार सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उनको तीन गोलियां लगीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने जानकारी देते हुए बताया कि संदीप की हत्या अलीगढ़ के ट्रांसपोर्टर अंकुश ने करवाई थी। पुलिस ने अंकुश के पिता राजीव अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही अंकुश की क्रेटा कार भी बरामद कर ली है, जो घटना की रात संदीप की कार की रेकी कर रही थी। एसपी ने बताया कि अंकुश व उसका एक साथी दुष्यंत फरार है। दोनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अंकुश की शादी एटा के अलीगंज की युवती से हुई थी। अंकुश अपनी पत्नी से मारपीट करता था। संदीप को जब ये बात पता चली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसको लेकर कई बार संदीप की अंकुश से नोकझोंक हुई। अंकुश भी ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। ऐसे में संदीप ने उसकी गाड़ियां भी रुकवा दी थी। अलीगंज थाने में अंकुश और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसमें कुछ पैसे भी अंकुश की ओर से दिए जाने थे। इसी बात को लेकर अंकुश ने संदीप की हत्या की साजिश रची। बता दें, पुलिस ने हत्या के खुलासे के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले।












Click it and Unblock the Notifications