यह पल दो पल का कोरोना है...पल दो पल इसकी कहानी है, अजमेर पुलिस का यह गाना हो रहा Viral
अजमेर। कोरोना संकट के बीच पुलिस की क्रिएटिविटी भी कई जगहों पर सामने आ रही है। कहीं पोस्टर के जरिए लोगों को लॉकडाउन के नियमों की पालना का संदेश दे रही है तो कहीं गानों के माध्यम से कोरोना वायरस को हराने की हिम्मत बंधा रही है।

ऐसा ही एक गाना अजमेर पुलिस की मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी अशोक बिश्नोई ने गाया है, जो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि अजमेर में कोरोना वायरस के पांच पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। अजमेर पुलिस लॉकडाउन की पालना करवाने के भी हर संभव प्रयास कर रही है।
अजमेर में पहले यातायात विभाग के सिपाही और सारेगामापा की विनर इशिता ने शानदार गाने की प्रस्तुति देते हुए आमजन को संदेश दिया था और अब अजमेर पुलिस की मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी अशोक बिश्नोई ने 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाने की तर्ज पर कोरोना को हराने के लिए एक गाना तैयार कर उसे अपनी आवाज दी है। गाने के बोल कुछ इस तरह से हैं। यह पल दो पल का कोरोना है...पल दो पल इसकी कहानी है...।
बिश्नोई ने बताया कि अजमेर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप कोरोना संकट की इस घड़ी में रात-दिन पुलिसकार्मिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं और लोगों को जागरूक करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे। उन्हीं से प्रेरणा लेते हुए अपनी ड्यूटी के बाद यह खाना तैयार किया है। इस गाने का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि कोरोना वायरस से घबराएं नहीं। हिम्मत से काम लें। यह कुछ दिनों का मेहमान है। इसे अपने घरों में रहकर दूर भगाना है। ना की चिंता करके अपने आपको मुसीबत में डालना है।












Click it and Unblock the Notifications