Ajmer Dargah vs Hindu Sena: अजमेर दरगाह मंदिर विवाद क्या है, हिंदू सेना ने किसलिए खटखटाया कोर्ट का दरवाजा?
Ajmer Dargah Shiva temple Dispute: राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह की जगह शिव मंदिर होने का मामला सुर्खियों में है। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (Vishnu Gupta chief Hindu Sena) ने अजमेर की कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि अजमेर दरगाह को संकट मोचन महादेव मंदिर घोषित किया जाए।
अजमेर की सिविल कोर्ट ने हिंदू सेना चीफ विष्णु गुप्ता की 38 पेज की याचिका को 27 नवंबर को स्वीकार कर लिया है। अगली सुनवाई 20 दिसंबर को है। सिविल जज मनमोहन चंदेल की कोर्ट ने अजमेर दरगाह समिति, अल्पसंख्यक मंत्रालय और भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण (ASI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

हिंदू सेना चीफ विष्णु गुप्ता ने अपनी याचिका में यह भी मांग की है कि अगर अजमेर दरगाह का किसी तरह को कोई पंजीकरण है तो उसे निरस्त किया जाए और एएसआई सर्वेक्षण करवाकर हिंदूओं को यहां पर पूजा का अधिकार देना चाहिए। अजमेर दरगाह के शिव मंदिर होने के दावों के बीच जानते हैं कि याचिका दायर करने वाले विष्णु गुप्ता कौन हैं?
यूपी के एटा में जन्मे विष्णु गुप्ता
अजमेर दरगाह के संकट मोचन महादेव मंदिर होने का दावा करने वाले विष्णु गुप्ता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले हैं। 38 वर्षीय विष्णु गुप्ता ने साल 2011 में अपने साथियों के साथ मिलकर हिंदू सेना की स्थापना की थी। विष्णु गुप्ता स्कूल-कॉलेज के समय से ही हिंदू राष्ट्रवादी विचारधारा रखते आ रहे हैं। कॉलेज के दिनों में विष्णु गुप्ता ने शिवसेना की युवा शाखा ज्वाइन की थी। हालांकि वर्तमान में विष्णु गुप्ता की हिंदू सेना का शिवसेना या आरएसएस से कोई संबंध नहीं है।
विष्णु गुप्ता व हिंदू सेना का विवादों से रिश्ता
उग्र हिंदू राष्ट्रवादी सोच के चलते विष्णु गुप्ता की हिंदू सेना कई बार विवादों में रही है। विष्णु गुप्ता गिरफ्तार तक हो चुके हैं। इनके प्रमुख विवादों में जनवरी 2016 में नई दिल्ली में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स के कार्यालय व जनवरी 2014 में हिंदू सेना ने भीड़ के साथ मिलकर गाजियाबाद में आम आदमी पार्टी के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना शामिल है। आम आदमी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की वजह आप नेता प्रशांत भूषण द्वारा जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना की तैनाती के लिए जनमत संग्रह कराया जाना चाहिए की मांग वाला बयान था।
इसके अलावा जनवरी 2024 में दिल्ली के बाबर रोड पर लगे साइन बोर्डों पर अयोध्या मार्ग के स्टिकर चिपकाए। जून 2023 में फिल्म आदिपुरुष के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में एक रिट याचिका दायर की। याचिका में आदिपुरुष को बैन करने की मांग की। एक्टर और नेता कमल हासन ने नाथूराम गोडसे को हिंदू आतंकवादी कहा तो मई 2019 में उनके खिलाफ दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई। मई 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के चुनाव जीतने पर हवन कराया।












Click it and Unblock the Notifications