अब फिल्म Ajmer-92 पर विवाद, जानिए अजमेर में 100 से ज्यादा लड़कियों के साथ 1992 में क्या दरिंदगी हुई?
Ajmer-92 फिल्म की कहानी राजस्थान के अजमेर में साल 1992 में सामने आए सेक्स कांड पर आधारित बताई जा रही है। 'द केरल स्टोरी' के बाद अब अजमेर 92 पर बवाल मचता दिख रहा है।

Ajmer 92 Story in Hindi: देश में फिल्म 'द केरल स्टोरी' की कहानी को लेकर मचा बवाल थमा भी नहीं कि इसी तरह की एक और फिल्म 'अजमेर 92' के खिलाफ आवाज उठनी शुरू हो गई है। फिल्म 'Ajmer 92' के रिलीज होने से पहले ही राजस्थान में विवाद उठता दिखाई दे रहा है। वजह ये है कि फिल्म की कहानी अजमेर रेप केस 1992 पर आधारित बताई जा रही है।
Ajmer 92 का विरोध कौन कर रहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बॉलीवुड फिल्म अजमेर 92 के विरोध में मुस्लिम संगठन और अजमेर दरगाह कमेटी उतर आई है। अखिल भारतीय सुन्नी जमात-उल-उलेमा समेत अजमेर दरगाह से जुड़ी खादिम समुदाय की संस्थाओं के पदाधिकारियों ने फिल्म अजमेर-92 पर आपत्ति जताई है।
अजमेर 92 के विरोध की वजह क्या है?
गुरुवार को रजा अकादमी मुम्बई के संस्थापक सईद नूरी, अखिल भारतीय सुन्नी जमात-उल-उलेमा नायब सदर मौलाना वली उल्लाह शरीफ, रजा अकादमी के मौलाना अमानुल्लाह रजा, अब्दुल रहमान जियाई ने अजमेर संभागीत आयुक्त को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में इन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म अजमेर 92 के जरिए समुदाय विशेष के लोगों के प्रति नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
अजमेर 92 फिल्म कब रिलीज होगी?
अश्लील छायाचित्र ब्लैकमेल कांड अजमेर 1992 पर बनी फिल्म अजमेर 92 का पोस्टर रिलायंस एंटरटेनमेंट ने जारी किया है। पोस्टर में 28 परिवारों के रातों-रात लापता होने। 250 कॉलेज छात्राओं की नग्न तस्वीरें बंटने की खबरों की कटिंग हाईलाइट है। अजमेर 92 फिल्म 14 जुलाई 2023 को रिलीज होगी।

फिल्म अजमेर 92 की स्टार कास्ट?
90 के दशक में राजस्थान में भूचाल ला देने वाले अजमेर रेप केस पर बनी फिल्म अजमेर 92 में करण वर्मा, सुमित सिंह, सायजी शिंदे और मनोज जोशी नजर आएंगे। पुष्पेंद्र सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म अजमेर 92 के प्रोड्यूसर उमेश कुमार हैं।
अजमेर सेक्स स्कैंडल 1992 क्या है?
21 अप्रैल 1992 को एक अखबार ने एक्सक्लूसिव न्यूज के जरिए खुलासा किया था कि अजमेर में स्कूल और कॉलेज की सौ ज्यादा लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर रसूखदार परिवारों के लोगों ने यौन शोषण किया था। लड़कियों को उनकी न्यूड फोटो और वीडियो क्ल्पि सार्वजनिक कर देने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया था। खुद को बचाने के लिए लड़कियां अपनी सहेलियों को भी इस जाल में फंसाती चली गईं। 17 लड़कियों की गवाही के बाद 18 लोगों को नामजद किया था। आठ को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कई आरोपी अभी भी फरार है।
अजमेर रेप केस का खुलासा कैसे हुआ?
अजमेर रेप केस के आरोपी लड़कियों की अश्लील तस्वीरें एक लैब पर धुलवाते थे। लैब के कर्मचारी ने लड़कियों को धमकाना शुरू दिया। मामले का खुलासा हुआ तो अजमेर के सबसे चर्चित चिश्ती परिवार का नाम भी इस कांड में आया। अजमेर पुलिस ने अनवर चिश्ती, तत्कालीन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष फारूक चिश्ती व नफीस चिश्ती को भी आरोपी लगाया।
मुस्लिम संगठन क्यों कर रहे अजमेर 92 का विरोध?
इंडिया मुस्लिम फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. शोएब जमाई ने ट्वीट कर लिखा कि 'अजमेर दरगाह कमेटी के सदर सैय्यद गुलाम किब्रिया और जनरल सेक्रेटरी सरवर चिसती साहब सहित खुद्दाम कमिटी से मशविरा करने के बाद हम ये आधिकारिक घोषणा करते हैं कि फिल्म 'अजमेर 92' शहर में घटित एक आपराधिक घटना जिसमें (भरोसा कलर लैब) के महेश लुडानी और डॉक्टर जयपाल की प्रमुख भूमिका थी। कुछ स्थानीय अपराधी भी शामिल थे।
फिल्म की कहानी यहां तक सीमित है तो हमारा कोई ऑब्जेक्शन नहीं, लेकिन अगर षड़यंत्र के तहत अजमेर शरीफ़ दरगाह और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की अज़मत और इमेज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई तो फिल्मकारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और पूरे मुल्क में शांतिपूर्ण विरोध होगा। इसलिए बेहतर है कि रिलीज करने से पहले फिल्मकार अजमेर दरगाह कमिटी को फिल्म दिखाएं। ताकि भविष्य में कोई विवाद खड़ा ना हो। Freedom of expression ke नाम पर नफरत फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सनद रहे।












Click it and Unblock the Notifications