गुजरात के 33 में से 30 जिलों तक फैला कोरोना, लेकिन यहां के 89% मरीज सिर्फ इन 3 शहरों के
अहमदाबाद। कोरोना वायरस का संक्रमण गुजरात के 33 में से 30 जिलों तक फैल चुका है। हालांकि, यहां मिले ज्यादातर कोरोना मरीज अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा जिले से ही हैं। राज्य के कुल मामलों में से करीब 89 फीसदी मामले इन तीन जिलों से सामने आए हैं। सोमवार को बताया गया कि, यहां 240 नए मामले दर्ज हुए। 13 मरीजों ने दम तोड़ा, जबकि 56 लोग ठीक हो गए। ठीक हुए लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

गुजरात में 3 हजार से ज्यादा कोरोना मामले
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोविड-19 के कुल पॉजिटिव मामले गुजरात में 3,548 हो गए हैं। जिनमें नए मामले 247, अब तक मौतें 162, अब तक डिस्चार्ज हुए लोग 394 हैं। इनके अलावा सक्रिय मरीजों की संख्या 2,992 है। पूरे राज्य में अब तक 53,575 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। विभाग की प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने कहा- सोमवार को 81 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसी के साथ अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 394 पहुंच गई।
Recommended Video

पूरे राज्य में 31 मरीज वेंटिलेटर पर
जयंती रवि ने बताया कि, वर्तमान में 2,992 सक्रिय रोगियों में से 31 वेंटिलेटर पर हैं। बीते रोज राज्य में जितने भी नए मामले दर्ज हुए, उनमें से 197 मामले सिर्फ अहमदाबाद में दर्ज किए गए। इस जिले में कोरोना के अब तक 2,378 मरीज मिल चुके हैं। जबकि, सूरत में यह संख्या 30 नए जोड़कर 564 हो गई।

कुल मरीजों के आधे से ज्यादा अहमदाबाद से
अहमदाबाद शहर गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। इस एक शहर में ही 100 से ज्यादा जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं। यहां सक्रिय मरीजों की तादाद 1600 से ज्यादा है। इतना ही नहीं, यहां राज्य के कुल मरीजों के आधे से भी ज्यादा मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इस शहर में अब प्रति 8 मिनट पर कोरोना का नया मामला सामने आ रहा है।

यहां हर 8 मिनट पर मिल रहा एक नया मरीज
इतना ही नहीं, अहमदाबाद शहर देश के उन टॉप-5 शहरों में से भी एक है, जहां कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हुईं हैं। मरीजों की संख्या के मामले में यह गुजरात में ही पहला नहीं, अपितु देश में भी दूसरे नंबर पर खड़ा है। गुरुवार तक शहर के अस्पतालों से 101 लोग कोरोना वायरस को मात देकर अपने घरों पर पहुंच गए।












Click it and Unblock the Notifications