देश का पहला सी प्लेन सिर्फ 2 दिन ही भर सका उड़ान, मेंटेनेंस के नाम पर सर्विस हुई बंद
अहमदाबाद। देश की पहली सी-प्लेन सेवा का हाल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों शुभारंभ हुआ था। 1 नवंबर से आमजन टिकट खरीदकर इस तरह के प्लेन से उड़ान भरने लगे। यह खास तरह की सेवा शुरू होते ही प्लेन 2 दिनों के लिए फुल हो गए थे। मगर, शुरुआत के दो दिन बाद ही इस सेवा को बीच में रोकना पड़ गया। सी-प्लेन की उड़ानें अहमदाबाद की साबरमती रिवरफ्रंट से केवडिया तक भरी जा रही थीं।

2 दिन बाद ही क्यों रुके सी-प्लेन?
संवाददाता ने बताया कि, प्लेन ठीक से दो दिन ही लोगों को सफर करा पाए। अब मेंटेनेंस के नाम पर सी-प्लेन की उड़ानें रोक दी गई हैं। इस बारे में प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी बोले- 'फ्लाइट्स दो दिनों के लिए बंद की गई हैं।' अधिकारियों का कहना है कि मेंटेनेंस के चलते बुधवार और गुरुवार प्लेन उड़ान नहीं भरेंगे। उन्होंने कहा कि, सी-प्लेन के लिए कनाडा से 3 पायलट और एक अटेंडेंट आया है। ऐसे में आराम दिया जाना भी जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि, वे विदेशी पायलट भारतीय पायलटों को 6 महीने तक की ट्रेनिंग देने के लिए गुजरात आए हैं।
Recommended Video

यात्री न मिलने की बात निकलकर आई
सी-प्लेन सर्विस बीच में रोके जाने पर लोगों के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। यह भी सुनने में आया है कि, सी-प्लेन के केवडिया से लौटते समय कम सवारी मिल रही हैं। इसी कारण यह सेवा कुछ दिनों के लिए बंद की गई है। जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों में महज 80 यात्रियों ने सी-प्लेन का लुत्फ उठाया था। अब आगामी दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ही सी-प्लेन सेवा शुरू होने की संभावना भी जताई जा रही है। उड़ानों के लिए 15 सीटर ट्विन ओटर-300 विमान का इस्तेमाल होगा। जो कि, पहले भी कई देशों में सेवा दे चुका है। इस प्लेन की कैपेसिटी कुल 19 पैसेंजर की बताई जा रही है। हालांकि, अभी कहा जा रहा है कि एक बार में एक दर्जन यात्री बैठाए जाएंगे।

कितने रुपए खर्च करने पड़ते हैं इसके लिए?
गौरतलब है कि, स्पाइसजेट ने सी-प्लेन का पूरा सफर कराने के लिए प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपए किराया मांगा है। अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट से केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक इस प्रकार के विमान रोजाना दो उड़ानें भरेंगे। करीब आधे घंटे की इस उड़ान के लिए यात्रियों को एक तरफ से लगभग 1,500 रुपए खर्च करने होंगे। दोनों स्टेशनों के बीच का टूर 3000 रुपए में पूरा होगा। बीते 30 अक्टूबर से इस सेवा की ऑनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू की गई थीं। तब कहा गया था कि, टिकट की बुकिंग आप www.spiceshuttle.com की वेबसाइट से कर सकते हैं।

धरती-पानी दोनों से होता है इसका सफर
इस प्रकार के विमान धरती और पानी दोनों से उड़ान भरने और लैंडिंग करने वाले होते हैं। ये समुद्र, नदी या बड़ी झीलों पर लैडिंग या टेकआॅफ में सक्षम हैं, इसलिए ही इन्हें सी-प्लेन कहा जाता है। भारत में पहली बार इन विमानों का संचालन स्पाइसजेट करवा रही है। स्पाइसजेट आंतरिक जलमार्ग या नदियों से हवाई संपर्क का परीक्षण करने वाली पहली भारतीय एयरलाइन है, जिसने 2017 से देश में इस सेवा के कई परीक्षण किए हैं। सी-प्लेन का ट्रायल यहां 2017 से चल रहा था।
पहले चरण के तहत जमीन से उड़ान भरने वाले विमानों का ट्रायल नागपुर से गुवाहाटी के बीच किया गया। दूसरे चरण के तहत एंफीबियस विमान का ट्रायल गिरगांव चौपाटी पर किया गया। अब स्पाइसजेट ही अहमदाबाद से केवडिया रूट के लिए संचालन हुआ है। ऐसा बताया जा रहा है कि, स्पाइसजेट अब तक 18 सी-प्लेन रूट का अधिकार हासिल कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications