ट्रॉली बैग में भरकर ले जा रहा था डेढ़ करोड़ के जाली नोट, राजधानी एक्सप्रेस रुकी तो GRP ने पकड़ा
अहमदाबाद। गुजरात में राजकीय रेलवे पुलिस-अहमदाबाद ने राजधानी एक्सप्रेस से एक ऐसे यात्री को पकड़ा, जो भारी मात्रा में जाली नोट ले जा रहा था। नोट उसने एक ट्रॉली बैग में भर रखे थे। उससे 1 करोड़ 44 लाख 80 हजार रुपए के जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि, वह जाली नोटों का कारोबार करता था। वहीं, उसकी निशानदेही पर अहमदाबाद हवाई अड्डे से भी एक आरोपी पकड़ा गया है।
दरअसल, नई साल के पहले रेलवे के उप महानिरीक्षक (DIG) ए.जी. चौहाण एवं वेस्टर्न रेलवे की पुलिस अधीक्षक परीक्षिता राठौड़ ने विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए थे। इसीलिए अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के उप निरीक्षक आर.के. वाणिया एवं सर्विलांस स्कवॉड के हेड कांस्टेबल मनूभाई एवं किशोरभाई एवं एसओजी -एलसीबी के पुलिसकर्मी गश्ती पर थे। तभी अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली से अहमदाबाद आने वाली राजधानी एक्सप्रेस रुकी। वहां कोच नंबर ए-3 से एक 30 से 35 साल का शख्स उतरा, जो जिसकी हरकत संदिग्ध नजर आई।

पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो वह घबरा गया। फिर उसने अपना नाम विकास नरेन्द्र शर्मा (31 वर्ष) बताया। कहा कि, गांधीनगर में कलोल से हूं। हालांकि, बाद में खुद को राजस्थान के अजमेर का रहने वाला बताया। पुलिसकर्मियों ने उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसके पास से 2 हजार रुपए वाले नोट बड़ी मात्रा में मिले। असली नोटों से उनकी तुलना की गई तो नकली नजर आए। फिर बैंक अधिकारी और फोरेसिंक साइंस लेबोरेटरी के विशेषज्ञों को बुलाकर नोटों की जांच की गई तो सभी नोट जाली पाए गए।

एक अधिकारी ने बताया कि, उक्त शख्स से 7240 नोट मिले, जो कि रकम में 1 करोड़ 44 लाख 80 हजार थे। वहीं, उससे एक लैपटॉप, मोबाइल फोन वह नकदी माल भी जब्त किया गया है। इसके अलावा निशानदेही पर एक अन्य आरोपी हंसराज भोलाराम लोहार को गिरफ्तार किया गया है, जो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला बताया गया।












Click it and Unblock the Notifications