आखिर क्यों आज गुजरात चले आए दिल्ली के CM केजरीवाल, आप कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा
अहमदाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज गुजरात आए हैं। केजरीवाल जैसे ही अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दिखाई दिए, वहां आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं व स्थानीय नेताओं की भीड़ लग गई। सुरक्षाकर्मियों के घेरे के बीच से निकलते हुए केजरीवाल कार में सवार हुए। उसके बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय की ओर से रवाना हो गए। लोगों के मन में यह सवाल उठा कि ऐसे समय में उनके गुजरात दौरे का क्या प्रायोजन है। आप की गुजरात इकाई ने बताया कि, केजरीवाल पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।

आप की सदस्यता लेने वालों की तादाद बढ़ रही
अहमदाबाद में अरविंद केजरीवाल आज अपनी कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। माना जा रहा है कि, वे आप पार्टी के विस्तार की दिशा में कुछ कदम उठाएंगे। बीते कुछ दिनों से आप पार्टी प्रदेश के कई क्षेत्रों में अपने संगठन के विस्तार में जुटी हुई है। वह यहां के सत्तारूढ़ दल भाजपा पर बढ़त बनाना चाहती है। विगत नगर निगम व नगर पंचायत के चुनावों में आप ने पहली बार उम्मीदवार उतारे थे और कई इलाकों में जीती। सूरत महानगर पालिका चुनाव में 27 सीटें जीतीं। आप तभी से स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रही है। हाल ही की बात है, जब सैकड़ों भाजपाइयों ने "कमल" को छोड़कर हाथ में "झाड़ू" थाम लिया।

300 से ज्यादा भाजपाइयों ने आप का दामन थामा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता योगेश जादवाणी के मुताबिक, विगत सप्ताह लगभग 300 भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। जादवाणी ने कहा कि, यह सिलसिला अभी जारी है। उनका कहना है कि, भाजपा ने गंदी राजनीति की और उसके कार्यकर्ता अब हमारी स्वच्छ राजनीति से प्रभावित होकर हमसे जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि, दो दिनों में 200 से ज्यादा भाजपाई आम आदमी पार्टी में आए। मालूम हो कि, आम आदमी पार्टी का सिंबल झाड़ू है।













Click it and Unblock the Notifications