अहमदाबाद: 3 ट्रेनों से आए 1366 यात्रियों का कोरोना टेस्ट हुआ, उनमें से 15 निकले पॉजिटिव
अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद शहर के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर विविध रेलों से आए यात्रियों में से 15 कोरोना पॉजिटिव निकले। जिनमें से 4 को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया, जबकि अन्य 11 को होम क्वारंटाइन किया गया है। जानकारी के अनुसार, यहां स्टेशन पर अलग-अलग ट्रेनों से आए 1366 यात्रियों का कोरोना टेस्ट किया गया था। जिनमें से ज्यादातर की रिपोर्ट निगेटिव आई।

अहमदाबाद महानगर पालिका की ओर से बताया गया कि, राजधानी एक्सप्रेस से आए 564 यात्रियों की जांच करने पर सर्वाधिक 10 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं, मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस ट्रेन से आए 422 यात्रियों में से 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि गोरखपुर ट्रेन से आने वाले 380 यात्रियों में से 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस प्रकार अहमदाबाद के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर 3 अलग-अलग ट्रेनों से आए 1366 यात्रियों की कोरोना जांच की गई थी।

उक्त 15 रेल यात्री कालूपुर रेलवे स्टेशन पर एक ही दिन के दौरान कोरोना संक्रमित मिले। जिनमें से 4 को तो वहीं से कुछ दूरी पर मौजूद साबरमती रेलवे स्टेशन के निकट बनाए गए कोविड केयर सेंटर में ले जाया गया। जबकि, अन्य 11 को होम क्वारंटाइन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि, पिछले कुछ दिनों से रेल यात्रियों की कोरोना की जांच की जा रही हैं। उससे पहले तो रेलें ही बंद थीं। अब हर रोज रेल यात्रियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। शहर में कोरोना को नियंत्रण के लिए यह आवश्यक है।













Click it and Unblock the Notifications