कच्छ-अहमदाबाद हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने चरवाहों की 20 भेड़ें कुचलीं, पुलिस ने ड्राइवर पकड़ा
अहमदाबाद। गुजरात में सुरेंद्रनगर जिले की हलवद तहसील के केदारिया गांव के निकट कच्छ-अहमदाबाद हाईवे पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कहर ढाया। कंटेनर ने 17 भेड़ों की जान ले ली। पशुपालक अपनी भेड़ों को लेकर घास चराने गांव से बाहर जंगली इलाके में ले जा रहे थे। उसी दौरान लापरवाह कंटेनर चालक ने उन्हें रौंद डाला। एक पशुपालक ने बताया कि, कंटेनर 20 भेड़ों पर से गुजरा। जिनमें से 17 की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य भेड़ें जख्मी हो गईं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, हादसे के बाद उन्होंने देखा कि वहां भेड़ें हाईवे पर मरी पड़ी थींं। घायल भेड़ें रंभा रही थीं। हालांकि, जमा हुए स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को वहीं पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस भी आ पहुंची। अब लोग पशुपालकों की भेड़ों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन्हीं भेड़ों से पशुपालकों के परिवार का गुजर-बसर होता था और इस निर्दयी कंटेनर वाले ने उनकी भेड़ों को मार डाला। पीड़ित पशुपालकों को अब आर्थिक मदद दिलाई जाए।
पशुपालकों की पहचान केदारिया गांव में रहने वाले मशरूभाई मांडणभाई भरवाड और देवा भाई के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, बीते रोज की सुबह वे भेड़ों को घास चराने जंगली इलाके की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जब वे कच्छ-अहमदाबाद हाईवे पर से गुजर रहे थे तो एक तेज रफ्तार कंटेनर भेड़ों को कुचलता हुआ निकल गया। कुछ दूरी पर उसे पकड़ भी लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications