Taj Mahal security: भारत-पाक तनाव के बीच ताजमहल हाई अलर्ट पर, सुरक्षा घेरे में पर्यटक, होटल में भी चेकिंग तेज
Taj Mahal security: भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच आगरा का ताजमहल अब सुरक्षा एजेंसियों के फोकस में आ गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़े खतरे के मद्देनजर ताजमहल की सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दिया गया है। हर आने-जाने वाले की जांच हो रही है और निगरानी का दायरा पूरे परिसर तक फैला दिया गया है।
ताजमहल की ओर आने वाले रास्तों पर सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई है। वॉच टावर से लेकर बुलेटप्रूफ यूनिट तक हर टीम अलर्ट मोड में है। सुरक्षा एजेंसियों ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउस तक अपनी जांच का दायरा बढ़ाया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि ताजमहल की सुरक्षा में फील्ड यूनिट और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
ताजमहल के येलो जोन में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर सख्त निगरानी
ताजमहल को सुरक्षा घेरे में लेते हुए येलो जोन में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आंतरिक परिसर तक हर जगह कड़ी चेकिंग की जा रही है। पर्यटकों को कई स्तरों पर जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो।
चेकिंग बैरियर से लेकर परिसर के भीतर तक पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं। परिसर के अंदर लगे कैमरों से हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। अब तक 9 चेकिंग बैरियर, 8 बुलेटप्रूफ मोर्चे और 6 वॉच टावर ताजमहल की सुरक्षा में दिन-रात सक्रिय हैं।
होटल और लॉज में भी शुरू हुई जांच, एलआईयू जुटा रही इनपुट
ताजमहल के आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। ताजगंज थाना पुलिस, पर्यटन पुलिस और ताज सुरक्षा बल होटल और लॉज में रुकने वालों की पड़ताल कर रहे हैं। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) भी हर आने-जाने वाले पर नजर बनाए हुए है।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह कदम एहतियातन उठाए गए हैं ताकि ताजमहल में आने वाला हर पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित महसूस करे। पर्यटक भी सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए सहयोग कर रहे हैं और बिना किसी परेशानी के ताज का दीदार कर रहे हैं।
ताज सुरक्षा एसीपी सैयद अरीब अहमद ने बताया कि ताजमहल की सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। सभी सुरक्षा यूनिट्स अलर्ट हैं और हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि येलो जोन अलर्ट के तहत पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications