Taj Mahal: संकट में दुनिया का 7वां अजूबा! ताजमहल के गुंबद का हुआ ऐसा हाल
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं, पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश ने ऐतिहासिक स्मारक यानी ताजमहल को भी नुकसान पहुंचाया है। मूसलाधार बारिश के बाद ताजमहल मुख्य गुंबद से पानी रिसने लगा।
ताजमहल के मुख्य गुंबद से पानी रिसने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने एक छोटी सी दरार का संदेह जताया था। हालांकि, जांच में पता चला कि मुख्य गुंबद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, ताजमहल के बगीचे में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। बगीचे में पानी भरे होने का वीडियो ताजमहल घूमने आए किसी पर्यटक ने बनाकर वायरल कर दिया।

इस बीच, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल में रिसाव की सूचना मिलने के बाद अपने कर्मचारियों को स्थिति पर नज़र रखने के लिए कहा। आगरा सर्कल के अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने कहा कि उन्होंने निरीक्षण के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया।
राजकुमार पटेल ने बताया कि ताजमहल के मुख्य गुंबद में रिसाव हुआ था, जिसके बाद हमने जांच की तो पाया कि मुख्य गुंबद को कोई नुकसान नहीं हुआ था। हमने ड्रोन कैमरे का उपयोग करके मुख्य गुंबद की जांच की है। गुंबद के पत्थरों में एक महीन दरार हो सकती है, जिससे कुछ पानी का रिसाव हो रहा है।
जहां पानी की बूंदें गिर रही हैं, उस जगह की जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि यह लगातार एक ही जगह पर गिर रही है या रुक-रुक कर गिर रही हैं। बताया कि जांच के बाद मरम्मत की जाएगी। वहीं, उन्होंने कहा कि बारिश रुकने के बाद बगीचे को फिर से जीवंत किया जाएगा।
सरकार द्वारा अनुमोदित टूर गाइड मोनिका शर्मा ने कहा कि स्मारक की उचित देखभाल की जानी चाहिए क्योंकि पर्यटन उद्योग के लोगों के लिए यह एकमात्र उम्मीद है। आगरा में गुरुवार को 151 मिमी बारिश हुई, जो 80 वर्षों में 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश थी। इस भारी बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव हो गया और कुछ क्षेत्रों में फसलें जलमग्न हो गईं।
आगरा प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया। बता दें कि ताजमहल के अलावा, आगरा में अन्य ऐतिहासिक स्थलों को भी भारी बारिश के कारण मामूली नुकसान हुआ है। इनमें आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, झुनझुन का कटोरा, रामबाग, मेहताब बाग, चीनी का रौजा, सिकंदरा में अकबर का मकबरा और रोमन कैथोलिक कब्रिस्तान शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications