दबंगों का कहर: भीषण गर्मी में नेशनल हाईवे पर रोड किनारे बच्चे पढ़ने को मजबूर
Recommended Video
आगरा। यूपी में आगरा के नेशनल हाईवे पर एक ऐसा स्कूल है जो सड़क किनारे चल रहा है। भीषण गर्मी में यहां बिना छत के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इस स्कूल की हालत कुछ ऐसी है कि जब बच्चे यहां पढ़ने आते हैं तो उस समय बच्चों के परिजन हाईवे पर दौड़ रही गाड़ियों से बच्चों की सुरक्षा के लिए खड़े रहते हैं। बिना पंखा, बेंच और पीने के पानी की व्यवस्था के सड़क पर चल रहे इस स्कूल की मजबूरी कुछ और ही है।

हाईवे पर बेशकीमती जगह पर 28 साल से चल रहे स्कूल की जगह पर दबंगों की नजर पड़ गयी है और तमाम नियमों को ताक पर रख दबंगों ने स्कूल पर ताला लगा दिया है। तमाम अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी दबंगों की दबंगई के आगे प्रशासन नतमस्तक है और देश का भविष्य सड़क पर पढ़ाई कर रहा है।
एक ओर जहां सरकार शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए नित नई योजनाएं लागू कर रही है तो दूसरी तरफ उसी सरकार में दबंग शिक्षा के मंदिरों पर कब्जा करने से नहीं चूक रहे हैं। हम बात कर रहे हैं आगरा के थाना हरी पर्वत के लंगड़े की चौकी क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे 2 पर स्थित ज्ञान ज्योति शिक्षा मंदिर की। यहां 28 वर्षों से स्कूल का संचालन हो रहा है और वर्तमान सत्र में 250 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।

विद्यालय के उपप्रबंधक सुधांशु पराशर के मुताबिक, सरकारी कागजो में यह जमीन न पुश्तैनी है और न किसी ट्रस्ट की है पर इस जगह पर कुमुद कांत पराशर, भगत सिंह और छाया पराशर ने मिलीभगत कर दावेदारी कर दी है। हम लोग तमाम अधिकारियों के यहां चक्कर काट चुके हैं पर सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस रिपोर्ट लगा रही है कि स्कूल में कुछ तोड़फोड़ नहीं हो रहा है जबकि दो बार पुलिस आकर काम रुकवा चुकी है।

उपप्रबंधक सुधांशु पराशर ने बताया कि स्कूल के गेट पर पुलिस ने अपना ताला डाल दिया है। नियमानुसार किसी भी अवस्था में चलते सत्र के बीच में स्कूल के साथ कुछ नहीं हो सकता है पर फिर भी दबंग नहीं मान रहे हैं। पूरे प्रकरण में अधिकारी कुम्भकर्ण की नींद सोए हुए हैं और बच्चों के सड़क पर पढ़ने के चलते किसी बड़े हादसे के इंतजार में दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications