OMG 2 Release: फिल्म के खिलाफ जमकर प्रदर्शन, सिनेमाघरों को दी चेतावनी, अक्षय कुमार पर रखा इनाम
11 अगस्त को OMG 2 के रिलीज़ होने से पहले आगरा में फिल्म के खिलाफ हिंदूवादी संगठन द्वारा जमकर प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान फिल्म और अभिनेता अक्षय कुमार के पोस्टर को जलाया गया, उसपर कालिख पोती गई और जूतों की माला पहनाई गई। संगठन ने सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज़ को लेकर चेतावनी भी दी है।
भगवान शिव को अपमानित करने की यही सजा
राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने फूल सैय्यद चौराहे पर उग्र प्रदर्शन करते हुए अक्षय कुमार के पोस्टर पर पहले कालिख पोती और फिर उसपर जमकर जूते बरसाए। संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि अक्षय कुमार इसी लायक हैं। उनका स्वागत सत्कार इसी तरह से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म में भगवान शिव का रूप धारण करके जो उन्होंने भगवान शिव को अपमानित करने का कृत्य किया है, उसके लिए यह सजा भी कम है।

फिल्म रिलीज हुई तो तोड़फोड़ के जिम्मेदार खुद सिनेमाघर संचालक
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस फिल्म को किसी भी कीमत पर सिनेमाघरों में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। अगर इस फिल्म को कोई भी सिनेमाघर अपने यहां चलाएगा तो उस पर प्रदर्शन होगा और हॉल में हुई तोड़फोड़ के लिए सिनेमाघर मालिक ही जिम्मेदार होगा।

अक्षय कुमार पर रखा इनाम
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऐलान किया कि "जो भी व्यक्ति अक्षय कुमार को जूते की माला पहनाएगा। उसके मुंह पर थूकेगा तो उस व्यक्ति को 10 लाख रुपए का इनाम संगठन की ओर से दिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि "अक्षय कुमार इस देश का नहीं है, उसे तो भारत से बाहर भेज देना चाहिए। साथ ही उसकी भारतीय नागरिकता भी रद्द कर देनी चाहिए। जो लोग सनातन संस्कृति और हिंदू देवी देवताओ का अपमान करते है वो हिंदू संस्कृति से नहीं जुड़े हैं।"













Click it and Unblock the Notifications