बाथरूम में मिली थी मां और दो बेटियों की लाशें, मौत पर अभी भी बना है रहस्य
Agra news, आगरा। आगरा के थाना शाहगंज में बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई कपड़ा व्यवसायी रोहित धूमरा की पत्नी ऋतु और दो मासूम बच्चियों कायरा और संचिता की संदिग्ध मौत के बाद अब मौत की गुत्थी सुलझना कठिन दिखाई दे रही है। दरअसल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के बाद बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। बता दें, सोमवार को परिजनों ने तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया था।

क्या है पूरा मामला
थाना शाहगंज क्षेत्र के पांडव नगर कालोनी निवासी रोहित धूमर का गारमेंट्स का बिजनेस है। रोहित घर में माता-पिता, पत्नी ऋतु और दो मासूम संचिता (6 वर्ष) और कायरा (3 वर्ष) के साथ रहते थे। 24 फरवरी की शाम उनकी पत्नी ऋतु अपनी दोनों बच्चियों के साथ घर पर थीं। इस दौरान कई बार फोन करने पर भी ऋतु का फोन नहीं उठा। जब रोहित घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर पर भी कोई बाहर नहीं आया तो रोहित को अनहोनी की आशंका हुई।

बाथरूम में पड़ी मिली थी लाशें
रोहित ने पड़ोसियों की मदद दरवाजा तोड़ा और घर में दाखिल हुआ। घर में जब कोई नहीं दिखा तो वह बाथरूम की तरफ पहुंचा, जहां का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर उनकी पत्नी और दो मासूम बेटियां बेहोशी की अवस्था में पड़ी थी। रोहित ने तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई थी। हर कोई मौत की वजह जानने के लिए चिंतित था।

रहस्य बनी मां-बेटियों की मौत
पोस्टमॉर्टम में जब मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई तो पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जाना तय किया। परिजनों ने सोमवार को तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया। बिसरा जांच रिपोर्ट आने में काफी समय लगता है। हालांकि, अब पुलिस के पास इसके अलावा कोई और रास्ता भी दिखाई नहीं दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications