आगरा में नुओवा ग्रुप के प्रमोटर मन्नू अलघ के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा, अखिलेश यादव के हैं करीबी
आगरा, 04 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पड़ रहे छापों से कारोबारियों की नींद उड़ी हुई है। कारोबारी पीयूष जैन और समाजवादी पार्टी (एसपी) के एमएलसी पुष्पराज जैन पम्पी के ठिकानों पर छापेमारी के बाद आयकर विभाग ने मंगलवार को और कई जगह ताबड़तोड़ छापेमारी की। आगरा में आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार को तीन जूता कारोबारियों के ठिकानों पर छापे मारे। आगरा में कारोबारी मन्नू अलघ, मानसी चंद्रा और विजय आहूजा के ठिकानों पर रेड पड़ी है। बता दें, कि नोवा शूज के मालिक मन्नू अलघ एसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नजदीकी माने जाते हैं।

मानसी चंद्रा के ठिकानों पर भी छापा
आयकर विभाग में मानसी चंद्रा के ठिकानों पर भी छापा मारा है। जानकारी के मुताबिक, मनु अलघ और मानसी चंद्रा आपस में दोस्त हैं। इन दोनों के अलावा आयकर विभाग ने ओम एक्सपोर्ट के मालिक विजय आहूजा के ठिकानों पर भी रेड डाली है। खबर है कि आयकर विभाग अब इन व्यापारियों के रिकॉर्डों को खंगाल रहा है।
अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं मन्नू अलघ
Recommended Video
आयकर विभाग की टीम आगरा में जूता बनाने वाली और उन जूतों को निर्यात करने वाली कंपनी R. C.K.K से जुड़े नुओवा शूज की कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस कंपनी के प्रमुख मन्नू अलघ को हरसिमरन सिंह के नाम से भी जाना जाता है। मन्नू अलघ आगरा में ही रहते हैं। जानकारी के मुताबिक, यह कंपनी 1964 में आगरा में स्थापित हुई। इस कंपनी का कारोबार देश के अंदर कई राज्यों में फैला है। मन्नू अलघ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं। पिछले दिनों मन्नू अलघ की मां के निधन के बाद अखिलेश यादव उनके घर पर शोक व्यक्त करने गए थे। इससे पहले आयकर विभाग ने कन्नौज के इत्र कारोबारी पीयूष जैन, बाद में पुष्पराज जैन उर्फ पंम्मी जैन के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। पुष्पराज जैन समाजवादी पार्टी के एमएलसी हैं।












Click it and Unblock the Notifications