आगरा: मामूली विवाद के बाद दो समुदाय आमने-सामने, छावनी में तब्दील इलाका
Agra news, आगरा। ताजनगरी के संवेदनशील क्षेत्र थाना मंटोला में युवक को टंगड़ी लगाकर गिराने पर शुरू हुआ विवाद दो समुदायों के संघर्ष में बदल गया। संघर्ष में जमकर पथराव, फायरिंग और पत्थरबाजी हुई, जिसमें करीब दस लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर एसपी सिटी समेत चार थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस के आने से पहले बवाल कर रहे लोग वहां से फरार हो गए।

कैसे शुरू हुआ विवाद
मंटोला टीला नंदराम में एक शख्स घर से आरओ प्लांट पर पानी लेने गया हुआ था। पानी लेकर घर लौटते समय समुदाय विशेष के दो युवकों ने उसे टंगड़ी फंसाकर गिरा दिया, जिसके बाद वह शख्स अपने परिजनों को लेकर आ गया। युवकों ने जैसे ही कई लोगों को अपनी ओर आते देखा उन्होंने भी तमाम लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षो में जमकर पथराव,फायरिंग और बोतल फेंकी गईं। झगड़े में करीब दस लोग घायल हो गए।

छावनी में तब्दील इलाका
संवेदनशील स्थान पर झगड़े की सूचना पर एसपी सिटी प्रशांत वर्मा समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और हालात को काबू में किया। एसपी सिटी के मुताबिक, पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दी है। दूसरे पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications