शादी से दो दिन पहले परिवार समेत रफूचक्कर हो गई दुल्हन, कीमती साड़ियां और सूट भी ले गई साथ
शादी से दो दिन पहले परिवार समेत रफूचक्कर हो गई दुल्हन, कीमती साड़ियां और सूट भी ले गई साथ
आगरा, 15 अप्रैल: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, यहां एक दुल्हन अपनी शादी से दो पहले परिवार समेत रफूचक्कर हो गई। दुल्हन अपने साथ कीमती साड़ियां, सूट और लहंगा भी ले गई। इस बात की जानकारी जब दूल्हे पक्ष को हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत अब पुलिस से की है।

बिचौलिया लेकर आया था रिश्ता
यह पूरा मामला आगरा जिले के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, युवक अपनी कार कैब कंपनी में चलवाता है। एक बिचौलिया शादी कराने के लिए रिश्ता लेकर आया था। बताया कि लड़की वाले खेरा राठौर के रहने वाले हैं। वर्तमान में सिकंदरा स्थित राधा नगर में किराये पर रहते हैं। लड़की पढ़ी लिखी है, लेकिन परिवार गरीब है।

16 अप्रैल को होनी थी शादी
शादी करने के लिए लड़की वालों के पास रुपए नहीं है। उसने बताया कि दोनों तरफ का खर्चा लड़के वालों को उठाना होगा। जिसपर लड़के वालों ने अपनी सहमती दे दी, जिसके बाद बिचौलिया ने दो मार्च को लड़की दिखवाई। युवक के परिजनों को लड़की पसंद आ गई। एक मैरिज होम में गोद भराई की रस्म हुई। 16 अप्रैल की शादी तय हुई। कार्ड भी छपकर बंट गए। घर पर रिश्तेदार आ गए।

शादी के खर्चे के लिए थे 80 हजार रुपए
दुल्हन की दूल्हे से फोन पर बातचीत होती थी। शादी के खर्चे के लिए युवक के परिजनों ने 80 हजार रुपए दुल्हन के परिजनों को ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इतना ही नहीं, दुल्हन को शादी के लिए कपड़े और लहंगा भी दिलवाया था। लेकिन 11 अप्रैल को लड़की का मोबाइल बंद हो गया। लड़के ने कई बार संपर्क का प्रयास किया। जब फोन नहीं लगा तो लड़के ने बिचौलिया को फोन मिलाया। उसने भी फोन नहीं उठाया।

घर पहुंचा तो ठगी की हुई जानकारी
लड़के को लगा कि कोई बात तो नहीं हो गई। वह राधा नगर पहुंचा। लड़कीवालों ने जो पता बताया था, उस पते पर कोई नहीं मिला। यह देख दूल्हा पक्ष के होश उड़ गए। वे खेरा राठौर पहुंचे। वहां पता किया। ग्राम प्रधान से संपर्क किया। जानकारी हुई कि इस नाम का गांव में कोई नहीं रहता। इस जानकारी के बाद लड़के वालों को यकीन हो गया कि उनके साथ ठगी हुई है। वर पक्ष ने जगदीशपुरा थाने में तहरीर दी है।

बिचौलिया ने लड़के वालों से दिलाया था खर्च
आरोप है कि शादी तय कराने में बिचौलिया ने ही मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। उसने ही लड़की वालों को शादी के लिए खर्चा दिलाया था। इंस्पेक्टर जगदीशपुरा प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications