Agra viral video: पालतू कुत्ते के शव को सीने से लगाकर घंटों रोता रहा युवक, आँखे नम कर देगी यह घटना
कहते हैं एक इंसान का सबसे प्यारा और वफादार साथी उसका कुत्ता होता है। इस कहानी में भी ऐसा ही कुछ है, फर्क बस इतना है कि ये एक युवक और उसके कुत्ते की दोस्ती का दुखद अंत है। इस वीडियो को देखने वाले हर शख्स की आँखे नम हैं।

आगरा से मन को झकझोर कर रख देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपने पालतू कुत्ते के क्षत-विक्षत शव को सीने से लगाए बेतहाशा रोता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल, आगरा दिल्ली हाईवे पर इस युवक के पालतू डॉग को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद डॉग का मालिक हाईवे पर ही विलाप करने लगा। डॉग को गोदी में लेकर आधे घंटे तक रोता रहा। अपने पालतू कुत्ते के प्रति युवक का प्रेम देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

कुत्ते के शव को सीने से लगाकर घंटो रोता रहा युवक
बता दें कि ट्रांस यमुना कॉलोनी में गोयल हॉस्पीटल के सामने आगरा दिल्ली हाईवे पर घाट निवासी गोलू अपने देसी डॉग को एक्टिवा पर लेकर जा रहा था। लोगों ने बताया कि डॉग अचानक एक्टिवा से कूद गया। उसके कूदते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। डॉग का मालिक अपनी स्कूटी खड़ी करके तुरंत डॉग के पास पहुंचा, लेकिन डॉग की मौत हो गई थी। डॉग की मौत पर युवक हाईवे के बीचों बीच उसके शव के पास बैठ गया। डॉग को गोदी में लेकर जोर-जोर से रोने लगा। युवक को हाईवे पर बीचो बीच बैठा देखकर वहां भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

बीच सड़क से हटकर डिवाइडर पर बैठ गया युवक
बड़ी मुश्किल से लोगों ने उसको हाईवे से हटाया। मगर, वो फिर डॉग के शव के पास आकर बैठ गया। इसी बीच उसके कुछ परिचित वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने उसे समझाया। इसके बाद वह डॉग के शव को अपनी गोद में लेकर सड़क से हटकर डिवाइडर पर बैठ गया। इसके बाद करीब 10 मिनट तक गोलू डॉग के शव को सीने से लगाए रोता रहा। बड़ी मुश्किल से लोगों ने फिर उसे समझा बुझाकर हटाया। इसके बाद वो डॉग के शव को लेकर चला गया।
Recommended Video
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गोलू का अपने डॉग के प्रति प्रेम देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। वो गोलू को समझाते रहे। युवक बार-बार ट्रक चालक को पकड़ने की बात कर रहा था। इसी बीच कुछ लोगों ने गोलू का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कई लोगों को गोलू के प्रति हमदर्दी है तो कई लोग इंसान और कुत्ते के प्रेम को लेकर टिप्पड़ियां कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications