आगरा: वकीलों ने कहा- पाक की जीत का जश्न मनाने वालों का केस नहीं लड़ेंगे, कोई ऐसा करेगा तो बहिष्कार करेंगे
आगरा। भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मिली हार के बाद पाकिस्तान के लिए जश्न मनाने वाले कश्मीरी छात्रों की गिरफ्तारी हो गई। अब आगरा के वकीलों ने आरोपी छात्रों का केस नहीं लड़ने की बात कही है। आगरा एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि, भारत-पाकिस्तान मैच में पाकिस्तान की जीत होने पर उसका जश्न मनाने वाले छात्रों का यहां कोई वकील साथ नहीं देगा। इस बारे में वकीलों का फैसला हो चुका है। यदि कोई वकील ऐसा करेगा भी तो हम उसका बहिष्कार करेंगे।"

बता दें कि, आगरा में गिरफ्तार किए गए 3 कश्मीरी छात्रों को 2 दिन पहले आगरा की मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया था। वे छात्र कश्मीर से हैं और आगरा के राजा बलवंत सिंह इंजीनियरिंग टेक्निकल कैंपस में पढ़ते हैं। जगदीशपुरा पुलिस के मुताबिक, वे आगरा में ही रह रहे थे। उन पर टी20 वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने और देश-विरोधी नारे लगाने के आरोप हैं। लोगों को उनके बारे में पता चलने पर अब उन छात्रों की मुश्किल और ज्यादा बढ़ गई हैं। जब उन्हें कोर्ट ले जाया जा रहा था, तो हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं और कुछ अधिवक्ताओं ने धावा बोल दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की।

पुलिस के मुताबिक, वे छात्र प्रधानमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के तहत आगरा के आरबीएस इंजीनियरिंग टेक्निकल कैंपस में पढ़ रहे हैं। उनमें बीटेक थर्ड ईयर और फोर्थ ईयर के छात्र अरशीद यूसुफ, इनायत अल्ताफ शेख और शौकत अहमद गनी शामिल हैं। 24 अक्टूबर इन छात्रों ने सोशल मीडिया पर पाक की जीत का जश्न मनाया था। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने तीनों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस कैंपस में पढ़ने वाले अन्य कश्मीरी छात्रों पर भी नजर रखे हुए है। बताया जा रहा है इस मुकदमे में राष्ट्रद्रोह की धारा भी लगाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications