आगरा में कोरोना के 12 और नए मामले आए सामने, मरीजों की संख्या 104 हुई
आगरा। कोरोना वायरस से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हालात लगातार खराब हो रहे है। रविवार को 12 और नए मरीजों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी के साथ आगरा शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 104 हो गई है। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया है। 12 नए मरीजों की रिपोर्ट आने के बाद से प्रशासन की परेशानी और बढ़ गई है।

Recommended Video
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि केजीएमयू से रविवार सुबह प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 12 नए संक्रमण के मामले मिले हैं। इन सभी को क्वारंटाइन कर उपचार किया जा रहा है। इनसे जुड़े लोगों को भी तलाशा जा रहा है। उनके भी टेस्ट कराए जाएंगे। आपको बता दें कि आगरा जिले से 582 नमूनों को जांच के लिए लखनऊ किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भेजा गया था। केजीएमयू के डॉक्टर सुधीर सिंह ने जानकारी देते हुए बता कि 582 नमूनों में से 12 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 3 कोरोना पॉजिटिव आगरा जिला अस्पताल और 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती हैं।
बता दें, आगरा में सर्वाधिक संक्रमित मरीज मिले हैं जिसकी वजह से यहां सबसे ज्यादा 29 हॉटस्पॉट चिन्हित कर कम्पलीट लॉकडाउन कर दिया गया है। शनिवार को हॉटस्पॉट लिस्ट में कई पुराने इलाकों को हटाते हुए नए क्षेत्रों को जोड़ा गया था। हॉटस्पॉट लिस्ट में 9 ऐसे क्षेत्र हैं जहां से तबलीगी जमात में शामिल हुए लोग मिले थे। फ़तेहपुर सीकरी का नायबांस इलाका भी हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किए गए हैं।
शनिवार तक यूपी में 452 संक्रमित मरीज
उधर, शनिवार को यूपी स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस को लेकर नए आंकड़े जारी किए। अब तक 452 लोगों की जांच में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई। शनिवार को उत्तर प्रदेश में कुल 19 नए केस मिले। शुक्रवार तक उत्तर प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 433 का था। 46337 लोगों को 28 दिन के ऑब्जरवेशन पर रखा गया। अब तक 10 आगरा, 5 गाजियाबाद, 12 नोएडा, 5 लखनऊ, 1 कानपुर, 1 शामली, 1 पीलीभीत, 1 लखीमपुर खीरी, 9 मेरठ समेत 45 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। जबकि यूपी के बस्ती, वाराणसी, मेरठ,आगरा, बुलंदशहर जिले में अब तक 1-1 की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications