आगरा में सफाईकर्मी की पुलिस हिरासत में मौत, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड, पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा
आगरा, 20 अक्टूबर: आगरा के जगदीशपुरा पुलिस स्टेशन में सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि की कस्टडी में मौत के मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है। एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने बताया युवक से पूछताछ करने वाले सभी पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। राजपत्रित अधिकारी मामले की जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।

मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा
एडीजी आगरा जोन ने बताया कि शासन द्वारा मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। इससे पहले इसी से जुड़े दूसरे मुद्दे में थाने पर मालखाने से सामान चोरी के चलते लापरवाही के मद्देनज़र तत्कालीन एसएचओ सहित 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उन्होंने बताया कि मुकदमा पहले ही कायम हो चुका है, इसकी निष्पक्ष विवेचना के लिए जांच ज़िले से बाहर की जाएगी। थाना जगदीशपुरा की जांच टीम में 5 सदस्य शामिल थे, उनको आरोपों के मद्देनजर निलंबित कर दिया गया है, इसकी जांच एक गजेटेड ऑफिसर द्वारा की जाएगी।
पुलिस हिरासत में सफाई कर्मचारी की मौत
आगरा जिले के थाना जगदीशपुरा के मालखाने से 25 लाख की चोरी हो गई थी। पुलिस सफाई कर्मचारी से चोरी की गई रकम की बरामदगी के प्रयास में लगी हुई थी। अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद वाल्मीकि समाज के लोग भी एकजुट होने लगे हैं। बवाल की आशंका को देखते हुए आसपास के जिलों से भी फोर्स को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications