Agra: सड़क किनारे खड़े 6 बच्चों को तेज रफ़्तार कार ने रौंदा, स्कूल बस का इंतजार कर रहे 3 बच्चों की मौत
रोज की तरह स्कूल जाने के लिए बस स्टॉप पर स्कूल बस का इंतजार करते बच्चों को क्या पता था कि आज वे स्कूल नहीं पहुँच पाएंगे। उनको क्या पता था कि एक कार इतनी बेरहमी से उनकी जान ले लेगी।

आगरा में गुरुवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जिसमे एक तेज रफ्तार कार ने 6 स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चे लगभग 10 फ़ीट हवा में उछल कर दूर जा गिरे। इस हादसे में 3 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई तो वहीं 3 बच्चे घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे, जब इस तेज रफ़्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने फतेहाबाद-आगरा रोड पर जाम लगा दिया।

अनियंत्रित नेक्सन कार ने बच्चों को रौंदा, 3 की मौत
बता दें कि ये हादसा आगरा के डौकी थाना इलाके के बांसमहापत गांव में गुरुवार की सुबह तब हुआ, जब बच्चे अपने घर से स्कूल जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़े बस का इंतजार कर रहे थे। इतने में फतेहाबाद की तरह से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित नेक्सन कार बच्चों को रौंदते हुए निकल गई। 6 बच्चे कार की जद में आ गए। वहीं टक्कर के बाद कार भी कुछ दूर आगे जाकर सड़क पर लगे एक बोर्ड से टकराकर रुक गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद बच्चों के टिफिन और स्कूल बैग 10 से 15 फीट दूर तक पड़े मिले।

चचेरे भाई-बहन हैं सभी बच्चे
हादसे के बाद तुरंत घायल बच्चों को शांति मांगलिक और SR हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां तीन बच्चों आर्यन (12), प्रज्ञा (9) और दीप्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। सभी बच्चे चचेरे भाई-बहन हैं। घायल बच्चों के नाम गुंजन, नमन और लावन्या हैं। हॉस्पिटल में लोगों की भीड़ जमा है। साथ ही नाराज ग्रामीणों में फतेहाबाद-आगरा रोड पर चक्का जाम कर दिया है।

बच्चों को भागने का भी वक्त नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शिओं ने बताया कि सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर हादसा हुआ था। बच्चे हर दिन पेड़ के पास खडे़ होकर अपनी स्कूल बस का इंतजार करते थे। आज भी ठीक 7 बजे उनके पिता बच्चों को छोड़कर गए थे और वह अपनी स्कूल बस का ही इंतजार कर रहे थे। इतने में सामने से एक नीले रंग की कार आ रही थी। कार अचानक से बच्चों की तरफ मुड़ गई। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि बच्चों को भागने का भी वक्त नहीं मिला।
3 युवक फरार, ड्राइवर पकड़ा गया
कार की टक्कर लगते ही बच्चे कई फीट हवा में उछल गए। बच्चों को टक्कर मारने के बाद कार आगे जाकर एक बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद कार में बैठे तीन लड़के उतर कर भाग गए। जबकि कार के ड्राइवर को लोगों ने पकड़ लिया। बता दें कि कार गाजियाबाद नंबर की है और फतेहाबाद की ओर से आ रही थी।












Click it and Unblock the Notifications