कोयला घोटाले में कुछ नहीं छुपा रही सरकार: मनमोहन सिंह
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को जोर देकर कहा कि कोयला घाटाला मामले में उनकी सरकार ने कुछ नहीं छुपाया है। उन्होंने कहा कि यह माना जाना गलत है कि सरकार इस मामले में कुछ छुपा रही है। मनमोहन सिंह ने कहा कि इस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी कि कोयला ब्लॉक आवंटन में गड़बड़ी के संदर्भ में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा ढूंढे जा रहे आधिकारिक कागजातों को गुम किया गया है।
उन्होंने राज्यसभा को बताया कि बड़ी संख्या में कागजात सीबीआई को पहले ही सौंपे जा चुके हैं और इसमें ऐसा कोई संशय नहीं है जैसी कि कुछ सांसदों को आशंका है मनमोहन सिंह ने पूर्व में तैयार किए गए बयान को पढ़ते हुए कहा कि मैं सदन को भरोसा दिला दूं कि सरकार के पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है।

सीबीआई को एक लाख से ज्यादा पृष्ठों के कागजात दिए जा चुके हैं और यह बताता है कि सीबीआई जांच में सहूलियत देने की सरकार की मंशा पर सवाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) और सीबीआई को पूरा सहयोग दिया है। मनमोहन सिंह ने कहा कि हम ऐसा करना जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कुछ फाइलें गायब हैं तो सरकार पूरी जांच कराएगी और दोषी को सजा दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications