कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, 5 आतंकियों को सेना ने मार गिराया
कुपवाड़ा। जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को सेना ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया। श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं टुकड़ी के कर्नल बृजेश पांडे ने बताया कि सर्तक सेना के जवानों ने देखा कि छह हथियारबंद आतंकवादी तंगधार सेक्सर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हमारे क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों ने घुसपैठियों को ललकारा तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की।
सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि हमने पांच घुसपैठियों को मार गिराया, लेकिन उस जगह छह हथियार बरामद किए गए। इससे लगता है कि मुठभेड़ में छठा आतंकवादी भी मारा गया है। सेना ने इलाके की तलाशी शुरू कर दी है, जबकि मारे गए आतंकवादियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

राज्य के आतंकवाद निरोधी राष्ट्रीय राइफल्स और विशेष अभियान समूह (एसओजी) के जवानों ने शुक्रवार को गांदरबल जिले में हिजबुल मुजाहिदीन के पांच विदेशी आतंकवादियों को मार गिराया था। मालूम हो कि पिछले तीन महीनों में पाक अधिकृत कश्मीर से आतंकवादियों के घुसपैठ की कोशिशें बढ़ी हैं और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षाबलों के अभियान में 20 से अधिक आतंकवादी मारे जा चुके हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 5 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है क्योंकि खबरें हैं कि समूह में 6 आतंकवादी थे।












Click it and Unblock the Notifications