बगदाद में सिलसिलेवार बम विस्फोट, 32 की मौत
बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद में बुधवार को हुए श्रृखलाबद्ध विस्फोट में 32 व्यक्तियों की मौत हो गई और 152 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आंतरिक मंत्रालय के सूत्र ने बताया कि बगदाद में सुबह के व्यस्त समय में 12 कार विस्फोट हुए, जबकि नजदीकी शहर मोहम्मदिया में एक रेस्तरां में आत्मघाती हमला हुआ। इनमें से एक कार विस्फोट पूर्वी बगदाद के सद्र शहर में हुआ, जिसमें तीन व्यक्तियों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए।
इसके अलावा अन्य कार विस्फोट बगदाद के अलग-अलग जिलों -पश्चिमोत्तर हिस्से में स्थित अल-दौलाई, न्यू बगदाद, दक्षिणी बगदाद के सैदियाह, दक्षिण पूर्व बगदाद के जेस्र दियाला, बाइया, शुला में हुए। इन विस्फोटों में 20 लोगों की मौत हो गई और 93 लोग घायल हो गए। इसके पहले बगदाद के पश्चिमोत्तर जिले हुर्रियाह में पुलिस के नाके पर आत्मघाती कार विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

इसके बाद मोहम्मदिया शहर में रेस्तरां में हुए आत्मघाती हमले में दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। बगदाद के पश्चिमोत्तर शाब जिले में और पूर्वी जामिला इलाके के थोक बाजार में भी कार विस्फोट हुए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। इस बीच, पुलिस के बम निरोधी विशेषज्ञ ने शुला जिले में एक कार बम को निष्क्रिय कर दिया, इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इन घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि एंबुलेंस और आम लोग घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में ले गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications