13 दिन बाद शांत हुआ किश्तवाड़ का कलह, कर्फ्यू समाप्त
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के किश्तवाड़ शहर में जारी कर्फ्यू बुधवार दोपहर को उठा लिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। 9 अगस्त को सांप्रदायिक तनाव फैलने के बाद यहां कर्फ्यू लागू कर दिया गया था। एक शांति मार्च के बाद जम्मू क्षेत्र के इस शहर से प्रतिबंध आदेश उठा लिया गया। शाम को यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि किश्तवाड़ शहर में सामुदायिक झड़प के बाद पिछले 15 दिनों से जारी गतिरोध खत्म हो गया। राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ताज मोहिउद्दीन ने बुधवार को हिंदू और मुस्लिम समुदाय के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक की और बाद में एक शांति मार्च का नेतृत्व किया जिसमें दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए।
बयान में कहा गया है कि दोनों समुदायों के नेताओं द्वारा उठाए गए मुआवजा, कर्फ्यू उठाने और समाज विरोधी तत्वों पर काबू पाने से संबंधित सभी मुद्दों का सौहाद्र्रता पूर्वक समाधान किया गया। मंत्री को शांति बहाली के लिए सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करने की मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जिम्मेदारी सौंपी थी। बयान में कहा गया है कि शहर में शांति स्थापित करने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने दो दिनों तक हर समुदाय के सदस्यों और नेताओं के साथ बातचीत की।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) एवं कांग्रेस गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा), जम्मू एवं कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), शिरोमणी अकाली दल, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रतिनिधियों ने दो दिनों तक यहां डेरा डाले रखा। शांति मार्च में दोनों समुदायों के लोगों के अलावा व्यापारी, बुद्धिजीवी, राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र शमिल हुए। मार्च शहर के मुख्य बाजार से होकर गुजरा और 15 दिनों से जारी तनाव खत्म हो गया। शांति मार्च निकालने के लिए अधिकारियों ने कर्फ्यू हटा लिया जिसे शांति मार्च के बाद फिर से आयद नहीं किया गया।












Click it and Unblock the Notifications