आसाराम बापू के आश्रम में यौन शोषण, हुई बलात्कार की पुष्टि
नई दिल्ली। हर सुबह टीवी चैनलों पर प्रवचन देने वाले संत आसाराम बापू पर जिस लड़की ने गंभीर आरोप लगाये हैं, उसका दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने बलात्कार की पुष्टि कर दी है। दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट की एक कॉपी जोधपुर पुलिस को भेज दी है, जहां यह मामला ट्रांसफर किया जा रहा है।
72 वर्षीय संत आसाराम बापू के खिलाफ एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया है कि उन्होंने उसके साथ बंद कमरे में बलात्कार किया। एफआईआर के मुताबिक लड़की उनके आश्रम में पढ़ती थी, कुछ दिनों से उसकी तबियत ठीक नहीं चल रही थी। उसने यह बात अपने माता-पिता को भी फोन पर बतायी। उसकी मां लड़की का हाल लेने आश्रम गई, तो वहां उनसे कहा गया कि लड़की का विशेष इलाज करना होगा। वह इलाज एक अनुष्ठान के माध्यम से किया जायेगा, जो एक बंद कमरे में ही होगा। लड़की ने आरोप लगाया है कि अनुष्ठान के बहाने उसके साथ आसाराम बापू ने दुष्कर्म किया। यह मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज करने के बाद जोधपुर ट्रांसफर कर दिया है।
इससे पहले भी लग चुका है यौन शोषण का आरोप
इससे पहले वर्ष 2009 में राजू चंडक उर्फ राजू लंबू नाम के आश्रम में ही काम करने वाले इस व्यक्ति ने कोर्ट के सामने हलफनामे में लिखकर दिया था कि आसाराम बापू तंत्र-मंत्र की आड़ में लड़कियों का यौन शोषण करते हैं। राजू का दावा था कि उसने खुद देखी। उसी दौरान राजू लंबू के ऊपर एक जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उसने आसाराम बापू पर शक जताया। मामले की छानबीन आगे बढ़ी, लेकिन कुछ ही दिन बाद एक न्यूज चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिये राजू लंबू का चिठ्ठा खोल दिया।
स्टिंग ऑपरेशन में पता चला कि राजू संत आसाराम को यौनशोषण के मामले में जेल पहुंचाने के उद्देश्य से 5 लाख रुपए में एक लड़की को लेकर आया था। उस लड़की को बाकायदा पुलिस के सामने बयान देने के लिये ट्रेनिंग दी गई। उस लड़की को प्रशिक्षण देने वालों में एक वकील भी था, जिसने उसे बताया कि उसके किस बयान पर आसाराम बापू पर कौन सी धारा लगेगी। इससे पहले राजू उस लड़की को लेकर प्रेसवार्ता करता, न्यूज चैनल ने टीवी पर स्टिंग ऑपरेशन फ्लैश कर दिया, जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राजू लंबू आसाराम बापू के आश्रम में 20 साल तक काम कर चुका था और उनके ट्रस्ट में ट्रस्टी भी था।












Click it and Unblock the Notifications