जश्‍न-ए-आज़ादी: तिरंगे के रंग में डूबी नवाबों की नगरी

लखनऊ। होली-दीवाली, ईद-बकरीद या फिर स्‍वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस। त्‍योहार कोई भी हो नवाबों की नगरी लखनऊ उसे मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ती। स्वतंत्रता दिवस के जश्न में लखनऊ तिरंगे के रंगों में रंग गया है। आलीशान इमारतें तिरंगी चूनर ओढ़े सजी संवरी और तिरंगी रोशनी से नहाती दिख रही हैं तो बाजारों में भी तिरंगी रंगत चढ़ी नजर आ रही है। नवाबों के शहर में हर तरफ तिरंगे की धूम है। विधानसभा सहित सभी सरकारी इमारतों (शक्ति भवन, जवाहर भवन, इंदिरा भवन, एनेक्सी, बापू भवन, आयकर कार्यालय) पर तिरंगी बिजली की झालर रोशनी बिखेरने लगी है। इसके अलावा इन इमारतों पर की गई तिरंगे झंडे की पट्टी की सजावट देखते ही बन रही है।

आजादी का जश्‍न मना रहीं एक सरकारी बैंक में कैशियर पारुल गुप्ता कहती हैं कि तिरंगी रोशनी से नहा रही भव्य इमारतें और शहर की सजावट ने शहर की फिजा बदल दी है। सड़कों पर निकलकर इस रौनक को देखकर अद्भुद अहसास हो रहा है। शहर के लगभग सभी चौक चौराहों पर पिछले दो तीन दिनों से तिरंगे झंडों की अस्थाई दुकानें लगी हैं, जहां विभिन्न प्रकार के बड़े से लेकर छोटे झंडे, तिरंगे स्टीकर, टोपियां, टेबल फ्लैग और तिरंगी पट्टियां पांच रुपये से लेकर 50 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। आजादी के रंग में रंगने के लिए बच्चे और युवा तिरंगे सामानों की खरीददारी कर रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर नवाबों की नगरी में पतंग उड़ाने का चलन पुराना है। ऐसे में आजादी के जश्न को देखते हुए तिरंगी पतंगें बाजारों में उतारी गई हैं। आजादी के जश्न के बीच मिठाईयों पर भी तिरंगा रंग चढ़ गया है। राजधानी की कई मिठाई दुकानों ने तिरंगी मिठाई तैयार करवाई है। सदर बाजार स्थित अग्रवाल मिष्ठान के कमलेश कुमार ने बताया कि इस खास त्योहार पर हमने पेड़ा, बर्फी और कालाजाम पर तिरंगे को कोट किया है। तीन सौ रुपये से पांच सौ रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत की ये मिठाईयां लोगों को काफी पसंद आ रही हैं। अग्रवाल ने कहा कि मिठाईयों के साथ डिब्बों को भी तिरंगे रंग में तैयार कराया गया है। इसके अलावा डिब्बों की पैकिंग में भी तिरंगी सजावट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

राजधानी के हजरतगंज, आलमबाग, अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजारों में तिरंगे वस्त्रों की धूम है, जो आजादी के रंग में रंगने का खूबसूरत अहसास करा रहे हैं। आलमबाग के कपड़ा व्यवसायी सुधीर जायसवाल कहते हैं कि आजादी का जश्न मनाने के लिए विशेष तिरंगा कलेक्शन लोगों को खासकर युवाओं को खूब भा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी का जश्न मनाने के लिए युवा बड़े जोश के साथ सफेद कुर्ता, हरी जींस और उस पर केसरिया दुपट्टा (गमछा) के अलावा तिरंगे बॉर्डर की कमीजें खरीद रहे हैं। दुकानों में महिलाओं के लिए तिरंगी साड़ियां बिक रही हैं। इन वस्त्रों की कीमत 150 रुपये से लेकर 600 रुपये तक है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+