तस्वीरों में- स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा देश
नई दिल्ली। पूरा देश अभी से ही स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूब गया है। हर शहर में जगह-जगह तिरंगे छाये हुए हैं और लोग देश भक्ति के गीत गुनगुना रहे हैं। स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रमों के आयोजन और सरकारी प्रतिष्ठानों में इस पर्व को मनाने की तैयारियां। इस बार सबसे अनोखा रिकॉर्ड बनने जा रहा है हरियाणा के सोनीपत में जहां, 72 मीटर लंबा तिरंगा फहराया जायेगा।
हरियाणा के ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय में इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 72 फुट लंबा और 48 फुट चौड़ा 48 किलोग्राम भार का एक विशाल तिरंगा 63 मीटर ऊंचे खंभे पर फहराएगा। विश्वविद्यालय के मुताबिक तिरंगे को एक किलोमीटर दूर से भी स्पष्ट देखा जा सकेगा। तिरंगा पॉलिस्टर के कपड़े से बनाया गया है और इस पर 48,500 रुपये खर्च हुए हैं।
गैर सरकारी संगठन फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह तिरंगा देश में सबसे बड़ा होगा और देश में इसे सबसे अधिक ऊंचाई पर फहराया जाएगा। इसके बाद झंडा फहराने के लिए दूसरे सर्वाधिक ऊंचाई वाले खंभे का निर्माण ईस्ट इंडिया कंपनी ने वर्तमान चेन्नई और तत्कालीन मद्रास के फोर्ट सेंट जॉर्ज में किया था। एनजीओ पहली बार इतने विशाल तिरंगे को फहराने जा रहा है। हालांकि यह इससे पहले जम्मू एवं कश्मीर के कारगिल में 2009 से तिरंगा फहराता रहा है, जिसका आकार सामान्य होता है।
विश्वविद्यालय की अधिकारी कनिका झांब ने कहा, "हम लगातार पांचवें साल झंडा फहराएंगे, लेकिन पहली बार इतने विशाल आकार का झंडा फहरा रहे हैं। यह एफएफआई की तिरंगे के बारे में जागरूकता फैलाने की कोशिश है। जो कोई भी इतने विशाल आकार का झंडा देखेगा, वह इसके बारे में जानने को उत्सुक होगा और उसे गौरव महसूस होगा।" तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरी रंग की पॉलिस्टर की पट्टी तथा बीचों बीच अशोक चक्र को सिल कर तैयार करने में एक महीने से अधिक समय लगा।
झंडे को मोटर से चलने वाली मशीन की सहायता से फहराया या उतारा जाएगा, और इसे फहराने तथा उतारने की एक पूरी प्रक्रिया में 10 मिनट लगेंगे। विश्वविद्यालय की अधिकारी ने कहा कि परिसर में इस राष्ट्रीय ध्वज को गुरुवार को बोस्निया और हर्जेगोविना के राजदूत सीड एवडिक फहराएंगे।
स्वतंत्रता दिवस ग्रीटिंग- दोस्तों को भेजें देशभक्ति के 7000 वीडियो
स्वतंत्रता दिवस की तस्वीरें और खबरें स्लाइडर में

दिल्ली में हाई अलर्ट
खुफिया ब्यूरो (आईबी) द्वारा आशंका जताई गई है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में कोई आतंकवादी हमला हो सकता है। इसके बाद दिल्ली में हाई अलर्ट कर दिया गया है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को दी।

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व दिल्ली में हाई अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व खुफिया विभाग की चेतावनी के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी किया गया है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस की नाकेबंदी की गई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल शुक्ला ने बताया, "पड़ोसी राज्यों से सीमा प्रवेश बिंदुओं के जरिए दिल्ली आने वाले निजी और व्यवसायिक दोनों ही वाहनों की विशेष जांच की जाएगी।"

उत्तराखंड पीड़ितों के लिए धन इकट्ठा करेगा बॉलीवुड
फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और निर्माता मुकेश भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड पीड़ितों के लिए यह संस्था दो अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम का आयोजन करेगी।

स्वतंत्रता दिवस पर गणंतंत्र दिवस की बधाई दे रहे सपाई
उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी(सपा) के नेताओं को लगता है राष्ट्रीय पवरें की जानकारी नहीं है। जहां सारा देश स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है, वहीं कानपुर में सपा नेता लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दे रहे हैं। कानपुर शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों पर स्थानीय सपा नेताओं की तरफ से बड़े-बड़े होर्डिग लगवाए गए हैं, जिनमें लोगों को ईद की बधाई के साथ स्वतंत्रता दिवस के बजाय गणतंत्र दिवस की बधाई दी जा रही है।

9 वर्ष की बच्ची सिखाएगी, कैसे तिरंगे में रंगें अपना चेहरा
देश का 66वां स्वतंत्रता दिवस नजदीक है, और इस अवसर पर अपने चेहरे, नाखूनों या शरीर के अन्य हिस्सों पर तिरंगा पेंट करने में लोगों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए एक नौ वर्ष की बच्ची ने एक वीडियो ट्यूटोरियल तैयार किया है। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुड़गांव के के. आर. मंगलम स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली अरक्ष्या राज कालरा को अपने चेहरे को तिरंगे पेंट से सजाना बहुत अच्छा लगता है। अरक्ष्या सिर्फ स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्रता दिवस पर ही नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के मैच के दौरान भी अपने चेहरे को तिरंगे से रंग लेती है। उसने बताया कि उसके मन में अपने चेहरे को देशभक्ति के रंग में रंगने को फैशन का नया अंदाज बनाने का विचार आया।

रहमान के देशभक्ति गीतों से बनाएं स्वतंत्रता दिवस यादगार
इस स्वतंत्रता दिवस को आप धुनों के बादशाह ए.आर. रहमान के देशभक्तिपूर्ण गीतों के संग्रह से यादगार बना सकते हैं। यह गीत मर्मस्पर्शी हर भारतीय को छुएंगे। ऑस्कर विजेता संगीतकार रहमान के सर्वश्रेष्ठ देशभक्ति गीतों को होम एंटरटेनमेंट सर्विसिज सोनी डीएडीसी के जरिये 'द साउंड ऑफ फ्रीडम' एलबम में लाया है। सोनी डीएडीसी के होम एंटरटेनमेंट सर्विसिज के बिजनेस प्रमुख रजत कक्कड़ ने कहा, "द साउंड ऑफ फ्रीडम सबको यह याद दिलाने की हमारी कोशिश है कि भारत जीतेगा, तमाम असंगत बातों के बावजूद हम दोबारा स्वतंत्रता की आवाज ढूंढ लेंगे, एक आवाज जो हम सबको बांधेंगी।"

देश की 2000 ग्राम पंचायतें लेंगी 'बेटी जिंदाबाद' की शपथ
एक्शनएड इंडिया और देशभर में उसके सहयोगी संगठन स्वतंत्रता दिवस से गांधी जयंती के बीच पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं और शहरी इलाकों में नगर पालिकाओं व नगर निगमों आदि के माध्यम से गिरते शिशु लिंगानुपात को रोकने की लिखित शपथ लेने की अपील कर प्रस्ताव पारित करने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। इस दौरान दिल्ली सहित देश के 15 राज्यों में दो हजार ग्राम पंचायतें और स्थानीय निकाय इस अभियान से जुड़ेंगे।

जीजेएम ने किया बंद में 4 दिनों की राहत का ऐलान
गोरखा जन मुक्ति मोर्चा (जीजेएम) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग इलाके में कई दिनों से जारी अनिश्चितकलीन बंद में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के बाद से चार दिनों की राहत दिए जाने का ऐलान किया। इसके बावजूद पश्चिम बंगाल की ममता सरकार ने प्रदर्शनकारियों और जीजेएम के शीर्ष नेताओं की धरपकड़ और गिरफ्तारियां जारी रखी हैं।

नेपाल से आतंकी हमले की चेतावनी, उप्र में अलर्ट
नेपाल सीमा से आतंकवादियों के एक संगठन द्वारा देश में घुसपैठ की खुफिया विभाग द्वारा दी गई चेतावनी को देखते हुए उत्तर प्रदेश में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जानकारी के बाद अयोध्या, मथुरा, वाराणसी और दूसरे संवेदनशीन स्थानों पर कमांडो तैनात किए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकी हमले की आशंका को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में सुरक्षा चौकस कर दी गई है।

बिहार में स्वतंत्रता दिवस पर होगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था
बिहार में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पटना सहित सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। सभी सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की गश्ती तेज करने के निर्देश दिए गए हैं जबकि राज्य के मुख्य समारोह स्थल पटना के गांधी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।

युवाओं की आजादी की नई परिभाषा
"मैं बिना पूछताछ के कहीं भी जाने, कुछ भी करने की आजादी चाहती हूं। ऐसी आजादी जिस पर एक लड़की होने की वजह से रोक न लगाई जाए।" यह कहना है दिल्ली विश्वविद्यालय की जर्मन ऑनर्स की छात्रा ईशा कपूर का। ईशा की तरह ही बहुत से छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जो यह मानते हैं कि आजादी के 66 साल बाद भी जब एक महिला डर और असुरक्षा में जी रही है तो 67वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव कैसे मनाया जा सकता है?

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व दिल्ली में हाई अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोहों को लेकर खुफिया विभाग की चेतावनी को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को होने जा रहे समारोहों की सुरक्षा के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। मुख्य ध्यान 17वीं सदी के ऐतिहासिक स्मारक लाल किले और इसके आसपास के क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा। 15 अगस्त को यहीं ध्वाजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह देश को संबोधित करेंगे।

तिरंगे की रंगत में डूबी नवाबों की नगरी
स्वतंत्रता दिवस के जश्न में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तिरंगे के रंगों में रंगी हुई है। आलीशान इमारतें तिरंगी चूनर ओढ़े सजी संवरी और तिरंगी रोशनी से नहाती दिख रही हैं तो बाजारों में भी तिरंगी रंगत चढ़ी नजर आ रही है। नवाबों के शहर में हर तरफ तिरंगे की धूम है। विधानसभा सहित लखनऊ की सभी सरकारी इमारतों (शक्ति भवन, जवाहर भवन, इंदिरा भवन, एनेक्सी, बापू भवन, आयकर कार्यालय) पर तिरंगी बिजली की झालर रोशनी बिखेरने लगी है। इसके अलावा इन इमारतों पर की गई तिरंगे झंडे की पट्टी की सजावट देखते ही बन रही है।

स्वतंत्रता दिवस पर मेट्रो का परिचालन जारी रहेगा
दिल्ली मेट्रो का परिचालन आम दिनों की तरह गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस पर भी जारी रहेगा। यह जानकारी एक प्रवक्ता ने दी है। लेकिन किसी भी स्टेशन पर बुधवार दोपहर से अगले 24 घंटों के लिए पार्किं ग की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन लाल किले के नजदीक से होकर गुजरती है, जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुरुवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने इस अवसर पर 400 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है।

मप्र में विशेष ग्राम सभाएं 15 अगस्त से
मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त से विशेष ग्राम सभाओं का सिलसिला शुरु होगा। मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक तीन माह में ग्राम सभा का आयोजन किया जाना अनिवार्य है। आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार आयोजित की जाने वाली ग्राम सभा की सूचना सभी तक पहुंचे इसके प्रयास होंगे। ग्राम सभा की सूचना ग्राम पंचायत कार्यालय के सूचना पटल और पंचायत क्षेत्र के मुख्य सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम सभा के आयोजन की सूचना ग्रामवासियों को देने के लिये पंचायत क्षेत्र के सभी गांव में मुनादी भी कराई जाएगी।

जनता के बीच उपलब्धियों का बखान करेगी उप्र सरकार
स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने का फैसला किया है। सरकार की ओर से सभी जिलाधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इस खास मौके पर अखिलेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जनता को हर हाल में अवगत कराएं। सरकार की ओर से चलाई जा रही कई प्रमुख योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाने की तैयारी है। इनमें प्रमुख रूप से राजधानी की मेट्रो योजना, लैपटॉप वितरण योजना की जानकारी अब जिलाधिकारियों को जनता को देनी होगी। आम चुनाव से पहले सरकार जनता के बीच अपनी अच्छी साख बनाने के लिए ऐसा कर रही है।

भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर अमेरिका में परेड और झाकियां
अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय परेड और रंगीन झाकियां निकालकर और मनोरंजन कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक के साथ ही भारतीय व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा रहा है। न्यूयार्क के मैनहट्टन में हर साल आयोजित की जाने वाली भव्य परेड के अलावा कुछ सालों से न्यूयार्क के उपनगर लांग आइसलैंड और न्यूजर्सी में भी वार्षिक परेड आयोजित की जाने लगी हैं। मैनहट्टन में इस साल परेड का 33वां साल होगा और यह रविवार को निकाली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications